दोपहर बारह से तीन बजे तक जांच में कुछ नतीजा नहीं मिल सका। इस दौरान निरंजन और उनकी पत्नी मीरगंज थाने पहुंच गए। पुलिस ने उनको हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। निरंजन से एक कमरे में सीओ हर्ष मोदी व इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह तो मंजू से दूसरे कमरे में महिला पुलिस सवाल दाग रही है। यहां फिलहाल दोनों हत्या के आरोप से इनकार कर रहे थे।
नानी ने स्वीकारा- पिटाई के बाद भागा था विकास
निरंजन की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर दबाव बढ़ा तो पुलिस ने रिश्तेदारों को थाने में बैठाना शुरू कर दिया। निरंजन की ससुराल के पड़ोस में ही उनकी रिश्ते की नानी और मामा रहते हैं। पुलिस ने इनसे पूछताछ की तो नानी ने बताया कि निरंजन के ससुर का कहीं इलाज चल रहा था। इसलिए निरंजन की पत्नी अपने मायके आई थीं। सोमवार रात शोरशराबे पर वह जागीं तो पता लगा कि निरंजन की पत्नी के नंबर से कॉल करके विकास को बुलाया गया था, उसकी पिटाई की गई थी। उन्हें बताया गया कि वह फरार हो गया।
रविवार को विकास के परिवार के कई लोग निरंजन की ससुराल वाले गांव में पुलिस की कार्रवाई देखने पहुंचे। इन लोगों ने थाना पुलिस खासकर इंस्पेक्टर मीरगंज पर आरोपी पक्ष से दोस्ती का आरोप लगाया। उन्हें एसएसपी पर भरोसा है कि सही कार्रवाई होगी। विकास को लेकर स्थिति स्पष्ट न हुई तो एसएसपी दफ्तर पर धरना देकर अपनी बात रखेंगे। हालांकि सीओ ने इन्हें आश्वासन दिया कि पुलिस जीजान से खुलासे में जुटी है।
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि पुलिस पूरी निष्पक्षता से काम कर रही है। जल्दी ही केस का खुलासा कर सच सामने लाया जाएगा। कोई कितना ही प्रभावशाली हो, अगर वह दोषी है तो जेल जाएगा।