बरेली में रंगदारी वसूलने, बवाल कराने, दंगा भड़काने, पशु तस्करी और चोरी व लूट के अपराधों में लिप्त 15 अपराधियों पर एसएसपी अनुराग आर्य ने शिकंजा कसा है। एसएसपी ने इन सभी की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। संबंधित थानों की पुलिस को इन सभी आरोपियों पर और ज्यादा निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। हिस्ट्रीशीटरों में प्रमुख नाम प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ब्राह्मपुरा निवासी जुनैद अली खां उर्फ लकी शाह का है।
लकी पर 17 मुकदमे प्रेमनगर, कोतवाली और लखनऊ में दर्ज हैं। 26 सितंबर को आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के बुलावे पर आई भीड़ को उकसाने का आरोप लकी पर लगा था और मुकदमे में उसका नाम दर्ज हुआ। लकी को पिछले निकाय चुनाव में भाजपा ने उसके वार्ड से पार्षद पद का टिकट दिया था। हालांकि तुरंत ही उसके मुकदमों की जानकारी सार्वजनिक होने के बाद टिकट वापस ले लिया।
इन शातिरों की भी खुली हिस्ट्रीशीट
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने आंवला के गौसिया चौक निवासी रहीस अहमद उर्फ घिर्री, मोहल्ला खेड़ा निवासी मोबीन, दराबनगर निवासी ज्ञान सिंह, मोहल्ला कुरैशियान निवासी छोटा, ताड़गंज निवासी केशव उर्फ टेड़ा की हिस्ट्रीशीट खोली है। रहीस पर चोरी, मोबीन पर वाहन चोरी, ज्ञानसिंह पर पीटने व जानलेवा हमले, छोटा पर पशु तस्करी और केशव पर मादक पदार्थ तस्करी के मुकदमे दर्ज हैं।
हाफिजगंज थाने के रिठौरा निवासी वाहन चोर करन की भी हिस्ट्रीशीट खोल दी गई। सुभाषनगर सिठौरा निवासी अनीश ठाकुर उर्फ विजय, नेकपुर निवासी मुकेश कुमार की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इन पर लूट, चोरी और अवैध शस्त्र फैक्टरी चलाने के मुकदमे दर्ज हैं। इज्जतनगर सैदपुर हाकिंस निवासी उजैर, परतापुर चौधरी निवासी मोहसिन, पीरबहोड़ा निवासी छुटका, बैसपुर गुलड़िया निवासी लालू पटेल, परतापुर जीवन सहाय निवासी अफरोज और कुम्हरा गांव निवासी सन्नी पटेल की हिस्ट्रीशीटर खोली गई है। उजैर पर चोरी, मोहसिन और लालू पटेल पर वाहन चोरी, छुटका पर पशु तस्करी, अफरोज पर रंगदारी, सन्नी पटेल पर लूट व चोरी के मामले दर्ज हैं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र के निवासी 15 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। नए हिस्ट्रीशीटरों के निवास स्थान वाले संबंधित थाना प्रभारियों को इनकी सतत निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।