उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के पूरनपुर में दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार को डीएम से अनुमति मिलने के बाद कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। मामले में पुलिस ने पति समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पूरनपुर देहात के मोहल्ला अहमदनगर निवासी उवैस की पत्नी अशरा का शनिवार शाम शव कमरे के बाहर दुपट्टा से बने फंदे से लटका मिला था। ससुराल वालों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव को रात में ही दफन कर दिया था।
इसकी सूचना मिलने पर रविवार को शेरपुरकलां निवासी अशरा के पिता इरशाद ने कोतवाली में शिकायत की थी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति उवैस, जेठ चांद खां, आवाज मियां और उवैस के एक अन्य भाई पर रिपोर्ट दर्ज की थी।
कब्र से निकालकर शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए डीएम से अनुमति मांगी गई थी। कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि डीएम से अनुमति मिलने के बाद मंगलवार को शव निकलवाकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। तहसीलदार विजय त्रिवेदी की मौजूदगी में शव निकाला गया था।