बरेली के आंवला क्षेत्र में जींस-टाप पहनी नौ युवतियां सड़कों पर घूम-घूमकर भीख मांग रही थीं। इनकी हरकत देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवतियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उनका चालान कर दिया। ये युवतियां गुजरात के अहमदाबाद की रहने वाली हैं।
शुक्रवार दोपहर आंवला-बदायूं रोड पर एक मेडिकल कॉलेज के समीप जींस-टाप पहनी नौ गुजराती युवतियां सड़क पर राहगीरों को रोक रही थी और घर में तमाम परेशानियां बताकर राहगीरों से 100-200 रुपये मदद की गुहार लगा रही थीं। कुछ लोगों ने इनके भावनात्मक झांसे में आकर रुपये भी दिए। शक होने पर कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें- UP: निजी डॉक्टर ने किशोरी को बताया गर्भवती, मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन हुआ तो निकला साढ़े छह किलो का ट्यूमर
दो-दो लाख के मुचलके पर छोड़ा
पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ की तो युवतियों ने बताया कि वे गुजरात के अहमदाबाद से आई हैं। युवतियों ने अपने नाम उर्मी (28), नीतू (25), कुसुम (25), अंजलि (21), सुनीता (26), रीना (20), मनीषा (20), पूनम (25) और टीना (26) बताए। पुलिस सभी को थाने ले आई और शांतिभंग की कार्रवाई कर दी। उन्हें एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट से दो-दो लाख के मुचलके पर छोड़ दिया।