बरेली में बारादरी थाना पुलिस ने चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन और एक तमंचा बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह भीड़भाड़ वाले इलाके में मौका पाकर लोगों की जेब साफ करते थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया, यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बारादरी थाने में तैनात दरोगा अखिलेश उपाध्याय क्षेत्र में शान्ति व्यवस्था लेकर गश्त पर थे। उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति क्षेत्र में लगातार लोगों की जेब पर हाथ साफ कर रहे हैं। दोनों ही इस समय विकास भवन के पीछे खंडहर में हैं। मुखबिर की सूचना पर दरोगा ने अन्य पुलिस कर्मियों के साथ दबिश देकर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है।
आरोपियों से नकदी, फोन और तमंचा बरामद
पूछताछ में एक युवक ने अपना नाम सरफराज खुद को कांशीराम आवास कालोनी सीबीगंज निवासी बताया। पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली। इस दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और चार मोबाइल के बिल बरामद कर लिए। दूसरे युवक ने पूछताछ में अपना नाम हारिश निवासी आदिल खां चक महमूद थाना बारादरी बताया।
आरोपी हारिश के पास से कुछ रुपये, दो मोबाइल फोन और एक तंमचा, कारतूस बरामद हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिफ्तार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि वह भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों की जेब काटकर पर्स और मोबाइल फोन उड़ा लेते थे। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।