ऐसे चढ़े हत्थे... रामपुर गार्डन और रास्तों में लगे कैमरों से आए पकड़ में
छह अक्तूबर को रामपुर गार्डन से दो कारें चोरी होने के बाद अगले दिन कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज हुई तो पुलिस ने छानबीन शुरू की। यहां के कैमरे खंगाले तो एक-दो आरोपियों के धुंधले चेहरे नजर आए। इसके बाद पुलिस ने रास्तों में लगे कैमरों के फुटेज देखे तो दोनों कारें बदायूं के बिल्सी तक नजर आईं। पुलिस ने बिल्सी में लोगों को आरोपियों के धुंधले फुटेज दिखाए तो पता चला कि ये लोग गुरु के यहां आते-जाते हैं। इसके बाद पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी से बचने के लिए करते थे ये काम
गुरु का भतीजा जतिन बिल्सी के सरकारी अस्पताल में संविदा कर्मचारी बताया जा रहा है। सीओ प्रथम ने बताया कि जिस दिन ये लोग घटना करते थे, उस दिन जतिन गिरोह के सदस्यों का सीएचसी में पर्चा बनवा लेता था और सभी को अस्पताल में भर्ती दिखा देता था। ताकि अस्पताल का रिकॉर्ड दिखाकर गिरफ्तारी से बचा जा सके। रामपुर गार्डन से भी कारें चुराने के बाद पर्चे बनवाए थे।
रामपुर गार्डन से चोरी हुईं कारों की तलाश जारी
सीओ सिटी प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि चोरों से मिलीं कारें दिल्ली की हैं। रामपुर गार्डन से चोरी की गई कारें इन्होंने किसी और जिले में बेच दी हैं। पूछताछ के बाद उन कारों की भी तलाश की जा रही है। गिरोह में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं, उनका पता लगाया जा रहा है।