फतेहगंज पश्चिमी में ट्रांसपोर्टर के घर डकैती का मामला
किसी करीबी को उठा सकती है पुलिस, सीओ ने मांगा व्यापारियों से सहयोग
फतेहगंज पश्चिमी। ट्रांसपोर्टर के घर डकैती डालने वाले बदमाशों के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में चेहरे साफ नजर आने के बावजूद पुलिस उन्हें तलाश नहीं कर पा रही है। हालांकि पुलिस की टीमें दूसरे जिलों में चेहरा मिलान करने बदमाशों की खोज में जुटी हैं। सीओ ने खुलासे के लिए व्यापारियों से भी सहयोग मांगा है।
कस्बे के ट्रांसपोर्टर गोविंद गुप्ता के घर में रविवार रात चार लुटेरों ने बंधक बनाकर 15 लाख की लूट की थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जल्द खुलासा करने का दावा करने वाली पुलिस 48 घंटे के बाद भी खुलासा तो दूर लुटेरों का सुराग भी नही लगा पाई है। इतना ही नहीं लुटेरे जिस कार से आए थे, सीसीटीवी कैमरों में उसकी फुटेज देखने के बाद भी उसे नहीं खोज पाए हैं। हालांकि टोल टैक्स के कैमरों से पुलिस कार का नंबर खोज रही है। नंबर मिलने के बाद पुलिस को लुटेरे तक पहुंचने की उम्मीद है। गोविंद गुप्ता के मुताबिक पुलिस ने उन्हें बाहर के 25 अपराधियों के फोटो दिखाकर लुटेरों की पहचान कराई है। पीड़ित ने उनमें से किसी को नही पहचाना है। इसके साथ साथ पुलिस ने स्थानीय करीब 15 अपराधियों को भी उठाया है, जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। एसओजी और क्राइम ब्रांच की टीमें मुरादाबाद और संभल में सीसीटीवी कैमरे की फुटेज व फोटो भेजे गए हैं। मोबाइल नंबरों को ट्रेस करने के आधार पर भी लुटेरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
सीओ बोले- पुलिस को काम करने दें, रिजल्ट मिलेगा
चौकी में सीओ मीरगंज ने व्यापारियों, संभ्रांत लोगों की बैठक की। बताया कि घटना में कई पहलू अनसुलझे हैं। बदमाशों का घर में बिना वजह तीन घंटे रहना, जाते वक्त खाली हाथ होना, घर का सामान यथावत होना और कॉलडिटेल से असमंजस बना हुआ है। घटनाक्रम में कोई करीबी शख्स जरूर रहा है। इसलिए पुलिस ट्रेस करने के बाद परिवार के किसी करीबी से पूछताछ करे तो व्यापारी शोर न मचाएं। पुलिस जब भी करेगी सही खुलासा करेगी। व्यापारियों की ओर से नगर अध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने सहयोग का आश्वासन दिया।
दोस्त की मौत में बेटे पर हुई थी रिपोर्ट
ट्रांसपोर्टर के बेटे अंकित गुप्ता पर दो साल पहले हत्या की रिपोर्ट हो चुकी है। कस्बे के पास के गांव का एक युवक अंकुर गुप्ता का दोस्त था। वह थाना इज्जतनगर क्षेत्र में वह किराये पर रहता था। उसका वहीं की किसी लड़की से प्रेमप्रसंग चल रहा था। इसे लेकर उसने आत्महत्या कर ली थी। उसके पिता ने लड़की और अंकुर गुप्ता पर हत्या की रिपोर्ट इज्जतनगर थाने में दर्ज कराई थी। करीब एक वर्ष तक विवेचना के बाद खुलासा हुआ कि उसकी मौत भोजीपुरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से कटकर हुई थी। तब पुलिस ने एफआर लगा दी थी। अब पुलिस इस घटना से भी मामले को जोड़कर जांच कर रही है।