फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: पुलिस ने फिर लगाया पैर पर निशाना, डकैती के चार आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

Tue, 17 Feb 2026 02:36 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
भोजीपुरा। धौराटांडा कस्बे के वार्ड नंबर चार निवासी राइस मिलर मोहम्मद रिहान के घर 12 फरवरी की रात में डकैती डालने के आरोपी चार बदमाशों को पुलिस ने रविवार रात मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। इस बार भी पुलिस ने बेहद सटीक निशाना लगाया। दो बदमाशों के पैर में गोली मारी। आरोपियों की ओर से की गई फायरिंग में दरोगा रुकमेश कुमार व सिपाही संजय सागर भी जख्मी हो गए। दो आरोपी मौके से भाग गए। एक आरोपी को वारदात के दौरान ही राइस मिलर और उसके परिजनों ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया था।
विज्ञापन

भोजीपुरा इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि रविवार रात एसओजी और पुलिस टीम डकैती के आरोपियों की तलाश में थी। इस दौरान महेशपुर शिव सिंह मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखा। उसके नंबर प्लेट को कपड़े से ढका गया था। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया तो उसने रफ्तार बढ़ा दी। इस दौरान वाहन नहर किनारे पेड़ से टकरा गया। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बारादरी थाना क्षेत्र के एजाजनगर गौटिया निवासी आसिफ और हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव लभेड़ा निवासी अकरम अली पैर में गोली लगने के कारण गिर गए। पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। इनके साथी एजाजनगर गौटिया निवासी साहिल और शाहिद को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आसिफ और अकरम के पास से तमंचा और कारतूस मिले हैं। आसिफ के पास से 31 हजार, अकरम से 26,500, साहिल से 1,500 और शाहिद के पास से एक हजार रुपये मिले हैं। अंधेरे का फायदा उठाकर एजाजनगर गौटिया निवासी आरिफ उर्फ पप्पू और पीलीभीत के थाना सुनगढ़ी के नौगवां निवासी मंडल व देवेंद्र मौके से भाग गए।
विज्ञापन

नन्हे लापाल की निशानदेही पर हुई गिरफ्तारी
डकैती के दौरान राइस मिलर और उसके परिवार वालों ने आरोपी नन्हेपाल उर्फ रीतराम को दबोच लिया था। इस दौरान आरोपी घायल भी हो गया था। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी निशानदेही के आधार पर ही पुलिस और एसओजी टीम अन्य आरोपियों तक पहुंच सकी।
पेशेवर अपराधी हैं आरोपी
एसओजी प्रभारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि सभी आरोपी पेशेवर अपराधी हैं। आसिफ के खिलाफ शाहजहांपुर, हरदोई, भोजीपुरा में लूट व चोरी के नौ मामले दर्ज हैं। अकरम अली के खिलाफ हरदोई और भोजीपुरा में तीन, साहिल व शाहिद के खिलाफ दो-दो मामले दर्ज हैं। नन्हे पाल उर्फ रीतराम के खिलाफ शाहजहांपुर, हरदोई व बरेली में लूट, डकैती चोरी आदि के 10 मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने डकैती की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
वर्जन

राइस मिलर के घर डकैती के चार आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। दो आरोपियों के पैर में गोली लगी है। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में एक दरोगा और एक सिपाही भी घायल हुए हैं। मौके से भागे तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है। - मुकेश चंद्र मिश्रा, एसपी उत्तरी
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें