लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की किल्लत के बीच पांच हजार उपभोक्ताओं के पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के कनेक्शन काट दिए गए हैं। इन पर दस करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है। साल बीतने पर भी इन्होंने भुगतान नहीं किया तो पीएनजी आपूर्ति बंद कर दी गई। वहीं, 21 दिन की समय सीमा बीतने के बावजूद बिल जमा नहीं करने वाले छह हजार अन्य कनेक्शनों पर भी संकट मंडरा रहा है।
सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड (सीयूजीएल) अधिकारियों के मुताबिक, कई बार नोटिस देने के बावजूद उपभोक्ताओं ने बकाया भुगतान नहीं किया। बिल भुगतान के लिए समय-समय पर उनको एसएमएस, कॉल और लिखित नोटिस के माध्यम से सूचना दी गई। इसके बाद कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की गई। इसमें कई ऐसे उपभोक्ता भी हैं जो काफी समय से आवास पर नहीं रह रहे हैं। मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी भी अपडेट नहीं कराई है।
अधिकारियों ने बताया कि असमर्थता की स्थिति में बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं को 21 दिन का अतिरिक्त समय मिलता है। इस समय सीमा के बावजूद बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के भी कनेक्शन काटे जा सकते हैं।
बिल जमा करने पर शुरू हो जाएगी आपूर्ति
सीयूजीएल के क्षेत्रीय अधिकारी अभिषेक राहिल के मुताबिक, जिन उपभोक्ताओं का कनेक्शन कटा है, वे अगर बिल जमा कर दें तो गैस आपूर्ति फिर शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल घर पीएनजी पाइपलाइन से जुड़े हैं और पीएनजी मीटर भी लगा है। 21 दिन से ज्यादा के बकायेदारों को संपर्क के विभिन्न माध्यम से बकाया भुगतान की सूचना भेज रहे हैं। उपभोक्ताओं से समय से बिल जमा करने की अपील है।
छात्रावासों और पुलिस लाइन
में पीएनजी पर पकेगा भोजन
छात्रावासों और पुलिस लाइन में भोजन पकाने में असुविधा न हो, इसके लिए सीयूजीएल ने उनको पीएनजी लाइन से जोड़ने की कवायद शुरू कर दी है। पुलिस लाइन और फरीदपुर स्थित मानस स्थली स्कूल के छात्रावास को जोड़ा जा रहा है। दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुहेलखंड यूनिवर्सिटी समेत छात्रावास सुविधा मुहैया कराने वाले अन्य संस्थानों से भी सीयूजीएल के अफसर संपर्क कर रहे हैं।
मोबाइल टीमें कर रहीं निरीक्षण
इज्जतनगर के पीरबहोड़ा में एक आवास के निवासियों की अनुचित गतिविधि से क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ का प्रकरण सामने आने के बाद सीयूजीएल की क्षेत्रीय टीमें सघन निरीक्षण कर रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक, बिल भुगतान न करने से कनेक्शन बंद किया था। तब आरोपियों ने मीटर, रेगुलेटर को बाइपास कर पीएनजी लाइन काटकर रबर पाइप के जरिये गैस का उपयोग कर रहे थे। थाना में तहरीर दी गई है।