प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 28 फरवरी को प्रस्तावित किसान कल्याण रैली में सुरक्षा के लिए एसपीजी की टीम ने खाका तैयार करके प्रदेश सरकार को दे दिया है। अब इसके आधार पर आईजी जोन (पुलिस) सुरक्षा इंतजाम करेंगे। पीएमओ से मिले संकेतों के अनुसार प्रधानमंत्री 28 फरवरी को प्लेन से त्रिशूल एयरबेस पर आएंगे और वहां से हेलीकाप्टर से रबर फैक्ट्री स्थित सभा स्थल पर पहुंचेंगे। दौरे की तैयारियों में प्रशासनिक स्तर पर सर्किट हाउस, त्रिशूल एयरबेस और रबर फैक्ट्री तीन स्थानों पर सेफ हाउस बनाए जाने हैं। रैली के लिए गृह विभाग ने बरेली जोन के बरेली और मुरादाबाद मंडल के अलावा आगरा जोन के आगरा व अलीगढ़ तथा लखनऊ और बनारस जोन से पुलिस बल और अधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए हैं। रैली के लिए कितने पुलिस कर्मी और अधिकारी की अतिरिक्त आवश्यक्ता है, इस बारे में बरेली के प्रशासन से जानकारी मांगी गई है।
केंद्र के बजट में किसानों के कल्याण का संकेत देंगे मोदी
बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान कल्याण रैली के दौरान 28 फरवरी को पेश होने वाले बजट में किसानों के कल्याण की कई योजनाओं का संकेत दे सकते हैं। क्योंकि भाजपा के लिए यूपी में 2017 के विधानसभा चुनाव अहम है। इसीलिए अगले वित्तीय वर्ष के लिए केंद्र सरकार का प्रस्तावित बजट यूपी को लुभाने वाला हो सकता है।
संकेत मिले हैं कि इस बार के बजट में किसानों की फसल के बीमा पर ज्यादा जोर होगा। किसानों की फसल के बीमा की अधिकांश राशि सरकार के हिस्से से ही अदा करने का विचार चल रहा है। इस बजट में इस मद की ज्यादा राशि प्रस्तावित हो सकती है। इसके लिए किसान दुर्घटना बीमा और आम आदमी बीमा योजना का सरलीकरण। बीमा की राशि बढ़ाने के साथ-साथ प्रीमियम के लिए अनुदान की व्यवस्था होने के संकेत मिले हैं। किसानों के अनाज तथा उत्पादित माल को एक प्रदेश से दूसरे प्रदेश में ले जाने को कुछ छूट का भी प्रावधान किया जा रहा है। कम सिंचाई में अधिक उत्पादन के लिए अनुसंधान, अच्छे उर्वरक तथा अन्य सुविधाओं पर जोर रहेगा।