मेरठ में एक बाजार है सोतीगंज चोरी की गाड़ियों की कटाई यहां होती थी। इसको रोकने की किसी को हिम्मत नहीं थी लेकिन इसे रोकने का योगी जी ने किया है। जिनको माफिया का साथ पसंद हैं वो माफिया की ही बात करेंगे। हम उनकी बात करेंगे जिन्होंने तप त्याग से इस देश को बनाया है। देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पण करने वालों को उचित स्थान दिलाना हमारा उद्देश्य है। इसी कड़ी में शाहजहांपुर में संग्रहालय का निर्माण कराया जा रहा है। इससे राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती रहेगी। पूर्व हो पश्चिम अवध हो या बुंदेलखंड, यूपी के सभी कोनों का विकास करने का काम जारी रहेगा। इसी के साथ पीएम ने भारत माता की जय के नारे लगाकर अपनी वाणी को विराम दिया।
पीएम ने आगे कहा कि पहले यहां रात में इमरजेंसी की जरूरत होती थी तो हरदोई शाहजहांपुर के लोगों को लखनऊ कानपुर दिल्ली भागना पड़ता था। यहां अस्पताल भी नहीं थे और सड़कें भी नहीं थीं। लेकिन अब यहां मेडिकल कॉलेज भी हैं, सड़कें भी हैं। ऐसे ही होता है दमदार काम, ईमानदार काम। जो भी समाज में पीछे हैं पिछड़ा हुआ है उसे सशक्त करना विकास का लाभ उस तक पहुंचाना हमारे सरकार की प्राथमिकता है। यही भावना हमारी किसानों से जुड़ी नीति में भी दिखती है। बीज से बाजार तक की जो नीति हमने बनाई है वो छोटे किसानों को देखकर बनाई है। पीएम सम्मान निधि के तहत जो पैसे सीधे अकाउंट में पहुंचे हैं उसका सीधा लाभ छोटे किसानों को हुआ है। उन्हें हम किसान क्रेडिट कार्ड सुविधा से जोड़ रहे हैं। हमारी मकसद सिंचाई के रकबे में विस्तार करना और टेक्नोलॉजी में वृद्धि करने से है। हमारा प्रयास गांव के पास ही ऐसा इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने का है जिससे जल्दी खराब होने वाली सब्जियों की खेती ज्यादा हो और जल्द उनकी फसल बाजार में पहुंच जाए। इससे फूड प्रोसेसिंग यूनिट को फायदा होगा और गांव में ही बाजार मिलेगा।
पीएम ने कहा कि जब समय बचता है सुविधा बचती है संसाधनों का सही इस्तेमाल बचता है तो सामर्थ्य बढ़ता है और फिर समृद्धि अपने आप आती है। आज डबल इंजन की सरकार में यूपी का बढ़ता सामर्थ्य हम सभी देख रहे हैं। एक्सप्रेसवे से लेकर एयपोर्ट्स तक सभी प्रोजेक्ट जनसेवा के लिए समर्पित हो चुके हैं।
पीएम मोदी जनता को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने स्थानीय भाषा में लोगों का अभिवादन करते हुए हर-हर गंगे का जयकारा लगाया। पीएम ने कहा काकोरी से क्रांति की अलख जगाने वाले वीर शहीद क्रांतिकारी रामप्रसाद बिसमिल्ल, अशफाकउल्लाह खान और रोशन सिंह को मैं नमन करता हूं। इहां आप लोगन का आशीर्वाद हौ कि ई माटी के माथे पर लगले क सौभाग्य मिलल। इत्तो ही नाहीं अनुशासन और वफादारी क संकल्प निभावे वाले स्काउट गाइड के जनक की इ धरती को हम प्रणाम करत हई। संयोग से कल ही अशफाकउल्लाह खान, रामप्रसाद बिसमिल्ल और रोशन का बलिदान दिवस है। इन वीरों का हम सब पर बहुत बड़ा कर्ज है। ये कर्ज हम कभी चुका नहीं सकते लेकिन देश के विकास के लिए दिन-रात लगाकर उस भारत का निर्माण कर उन लोगों को सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं। आज यूपी के सबसे बड़े एक्सप्रेसवे पर काम शुरू हो रहा है। रामचरित मानस में कहा गया है मां गंगा सारे मंगलों की सारी उन्नति प्रगति की स्रोत हैं। मां गंगा सारी पीड़ा हर लेती हैं। ऐसे ही गंगा एक्सप्रेसवे भी यूपी की प्रगति के नए द्वार खोलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्सप्रेसवे का किया शिलान्यास।
मॉडल का अवलोकन करने के बाद पीएम मंच पर पहुंच चुके हैं और जल्द ही वह परियोजना का शिलान्यास करेंगे। मंच पर उन्हें स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।
पीएम मोदी रैली स्थल पर पहुंच गए हैं। यहां उन्होंने सीएम के साथ परियोजनाओं के मॉडल का अवलोकन भी किया।
प्रधानमंत्री के आने से पहले यहां कई मंत्रीगण पहुंच चुके हैं। इन्हीं में से किसी एक ने मंच से एक गीत गाया। वह गीत कुछ इस तरह था- "हम लाएं अपराध से यूपी निकाल के, इस प्रदेश को रखना मेरे मित्रों संभाल के..."
शाहजहांपुर के रोजा रेलवे ग्राउंड पर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना गंगा एक्सप्रेस वे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिलान्यास करने आने वाले हैं। पीएम मोदी लगभग दोपहर एक बजे मैदान में पहुंचेंगे। अभी मंच पर कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, जितिन प्रसाद, सतीश महाना के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार पहुंच चुके हैं। धीरे-धीरे लोग सभा में पहुंच रहे हैं।
प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश के कई कैबिनेट मंत्री सभास्थल पर मौजूद रहेंगे। इस दौरान लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात परिवर्तित किया जाएगा। सीतापुर और बरेली की ओर से आने वाले वाहनों को दूसरे रास्तों से निकाला जाएगा। नेशनल हाईवे पर सिर्फ रैली में शामिल होने वाले वाहन ही चलेंगे।