बरेली। सीबीगंज के गोबिंदापुर गांव निवासी 26 वर्षीय अकलीम खान की सऊदी अरब में मौत हो गई। वहां वह प्लंबर का काम करते थे। मौत की वजह हार्टअटैक बताई जा रही है।
गोबिंदापुर गांव निवासी मुज्जमिल ने बताया कि उनका बेटा अकलीम खान सऊदी अरब के रियाद शहर में रहकर प्लंबर का काम करता था। परिवार के लोगों से उसकी लगातार बातचीत होती रहती थी।
सोमवार सुबह सऊदी अरब से आई अकमील की मौत की खबर ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। बताया गया कि हार्टअटैक से उसकी मौत हो गई। जिस बेटे के घर लौटने का इंतजार था, उसका शव दो दिन बाद भारत लाया जा सकता है।
फुफेरे भाई बाबू खान ने बताया कि अकलीम अविवाहित था। परिवार उसके लिए रिश्ता देख रहा था। उसके सऊदी से लौटने के बाद शादी करने की तैयारी थी। परिवार बेटे के सिर पर सेहरा सजाने की तैयारी में था, अचानक उसकी मौत की खबर से सभी सदमे में हैं।