बरेली। मानसून हावी होने के बाद तीन दिनों से चल रहा बारिश का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। सुबह दो घंटे तक 15.3 मिमी बारिश के बाद दिन भर मौसम खुशनुमा रहा। दोपहर दो बजे धूप निकली पर हवा में मौजूद सौ फीसदी नमी की वजह से बेअसर रही।
बीते चार दिनों में शहर में करीब 142 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है। मौसम विभाग से जारी बुलेटिन में रविवार और सोमवार को भी ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। मेघगर्जन और तेज हवा के साथ अनुकूल माहौल बनने पर मध्यम, तेज बारिश का अनुमान है। दो जुलाई से उच्च वायुदाब का क्षेत्र बनने के बाद बादल छटने पर यलो अलर्ट का भी अनुमान है। मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक यलो अलर्ट होने पर तेज धूप और बारिश के भी आसार हैं। ऐसे में लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है।
शनिवार सुबह से ही घने बादल मंडराते रहे। करीब नौ बजे से शुरू हुई रिमझिम आधे घंटे बाद तेज बारिश में तब्दील हुई और 11 बजे तक हल्की, तेज बारिश जारी रही। अधिकतम तापमान एक डिग्री लुढ़ककर 31.8 डिग्री और न्यूनतम 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमर उजाला ब्यूरो
मौसम
31.8
27.8
हल्की धूप निकलेगी। अनुकूल माहौल बनने पर बारिश होगी।
सूर्योदय 5:18
सूर्यास्त 7:14