बरेली। पीपुल्स यूनियन फॉर सिविल लिबर्टीज (पीयूसीएल) ने रविवार को अन्य संगठनों के साथ मिलकर मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) पर कार्यशाला की। वक्ताओं ने कहा कि एक कार्ययोजना के तहत एसआईआर के संबंध में लोगों को बताना होगा। कार्यशाला की अध्यक्षता बीयूटीएफ के संजीव मेहरोत्रा एवं संचालन पीयूसीएल के जिलाध्यक्ष अधिवक्ता यशपाल सिंह ने की।
बार भवन में चार घंटे चली कार्यशाला में क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के मोहम्मद फैसल ने एसआईआर की प्रक्रिया के बारे में बताया। बरेली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज हरित ने नए मतदाताओं को फाॅर्म भरवाने में सहायता देने की बात कही। विधि के प्रवक्ता डॉ. मोहम्मद तारिक़ खान ने लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। बरेली ट्रेड यूनियन फेडरेशन के अध्यक्ष मुकेश सक्सेना ने कहा कि एसआईआर के दौरान आने वाली समस्याओं को पहले ही चिह्नित कर लेना चाहिए, ताकि क्षेत्र में जाकर मौके पर ही उनका निराकरण किया जा सके।
पीयूसीएल के जिला महासचिव टीडी भास्कर ने बिहार एसआईआर के दौरान आई समस्याओं के बारे में बताया। जिलाध्यक्ष अधिवक्ता यशपाल ने कहा कि अभी बिहार एसआईआर का मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। अंतिम निर्णय नहीं आया है। इसके बावजूद चुनाव आयोग ने 12 अन्य राज्यों में भी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। कमेरा समाज के हर चरण लाल गंगवार,ललित कुमार, इंकलाबी मजदूर केंद्र के हर गोविन्द, उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ के महेश गंगवार ने भी विचार रखे।