शीशगढ़। जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव जगत में पानी की पाइपलाइन डालने का काम अधर में अटका है। इससे ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क पर पानी भरने से कीचड़ और फिसलन बढ़ गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, रास्ते के किनारे डाली गई पाइपलाइन का काम लंबे समय से अधूरा है। पाइपलाइन अधूरी छोड़ दिए जाने से लगातार पानी बहता है। सड़क पर पानी फैलने से मार्ग जगह-जगह कट गया है। गांव जगत और नियामतपुर के बीच कुल्ली नदी है। पाइपलाइन नियामतपुर तक बिछाई गई थी लेकिन अधूरी छोड़ दी गई। यह शीशगढ़ को जाने वाला मुख्य मार्ग है। राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। बरसात में दोपहिया वाहन सवार फिसल जाते हैं। गांव के इंदरपाल गंगवार ने जल निगम के जेई अनूप पांडे से कार्य जल्द पूरा कराने, रिसाव बंद करने और क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत की मांग की।
इस बाबत एक्सईएन राजीव चौधरी ने बताया कि गांव से शिकायत मिली है। शुक्रवार को निरीक्षण किया गया है। बरसात में पानी भरने से साइड की मिट्टी बैठ गई है। मौके पर पाइपलाइन का ज्वॉइंट खुला मिला था। नदी में से गुजराकर दूसरे गांव तक पानी की लाइन डाली गई है। सोमवार को मजदूरों को भेजकर ज्वॉइंट ठीक कराया जाएगा।