बरेली शहर के व्यस्ततम मार्गों में से एक पीलीभीत बाइपास को अब नाथ कॉरिडोर की थीम पर विकसित किया जाएगा। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की ओर से पूर्व में इस मार्ग को आठ लेन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था, लेकिन अब योजना को नए सिरे से आकार दिया जा रहा है। 150 करोड़ रुपये के तय बजट में ही अतिरिक्त सुविधाओं को शामिल कर नई कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके लिए पीडब्ल्यूडी और बीडीए की टीमों ने संयुक्त सर्वे शुरू कर दिया है। सर्वे में सड़क की मौजूदा स्थिति, यातायात का दबाव, उपलब्ध भूमि, जंक्शन, ड्रेनेज और आमजन की जरूरतों का आकलन किया जा रहा है।
रिपोर्ट के आधार पर जरूरी कार्यों को चिह्नित कर उन्हें संशोधित डीपीआर में शामिल किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, त्रिशूल तिराहे से सेटेलाइट तक करीब 7.40 किमी लंबे मार्ग को आठ लेन करने की योजना है। सड़क को दो चरणों (3.70-3.70 किमी) में विकसित किया जाना है। इसके दोनों ओर सर्विस लेन, आरसीसी ड्रेन और सीसी इंटरलॉकिंग का भी प्रस्ताव है। साथ ही, नाथ कॉरिडोर की थीम से जोड़कर इसे अलग पहचान देने की तैयारी है।