रास्ते के विवाद में मां-बेटे की पिटाई कर जान से मारने की दे रहा था धमकी
विज्ञापन
पुलिस ने चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को किया गिरफ्तार
बहेड़ी। तमंचा लहराते हुए एक युवक का फोटो वायरल होने के बाद बहेड़ी पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार शाम रास्ते को लेकर एक युवक को गांव के दबंग से विवाद हो गया था। जिसका किसी ने फोटो खींचकर वायरल कर दिया था, इसके बाद पुलिस हरकत में आई और कार्रवाई की।
श्यामाचरन गौंटिया गांव के सुरेंद्र पाल के मुताबिक रविवार शाम करीब छह बजे वह ताऊ के घर से बैलगाड़ी में ईंटें भरकर अपने घर ले जा रहे थे। रास्ते में पड़ोसी प्रेमपाल ने जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर ट्रॉली खड़ी करके रास्ता बंद कर रखा था। उन्होंने रास्ता खोलने के लिए कहा तो भिड़ गया। फिर प्रेमपाल, जगदंबा प्रसाद, प्रमोद कुमार और विजय कसी, तमंचा व पौनिया लेकर आ गए और उनकी पिटाई करने लगे। मां बचाने आईं तो उन्हें भी पीटा। इस दौरान आरोपी अवैध असलाह लहराते हुए पीड़ित और उसके परिवार को पीटते रहे। बाद में गांववाले पहुंचे तो उन्होंने बचाया, इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। प्रेमपाल का अवैध असलाह लहराते फोटो वायरल हुआ तो हरकत में आई पुलिस ने प्रेमपाल, जगदंबा प्रसाद, प्रमोद कुमार और विजय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। आरोपी प्रमोद को सोमवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित के मुताबिक एक आरोपी दोहरे हत्याकांड में आरोपी है, कोर्ट में उसके खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल हो चुकी है।
लॉकडाउन के दौरान गांव में इस तरह की हरकत करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस सख्त एक्शन लेगी। एक युवक को तमंचा लेकर धमकाते हुए फोटो पीड़ित ने खींच लिया था। उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामले खंगाले जा रहे हैं। - रामानंद राय, सीओ बहेड़ी।