शीशगढ़ (बरेली)। प्रेमिका की दूसरी जगह शादी तय होने पर नाराज युवक ने उसके फोटो अश्लील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। युवती के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। कार्रवाई से पहले ही युवक ने जहर खाकर जान दी।
शेरगढ़ थाना क्षेत्र की एक युवती शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव में अपनी बहन के घर आई थी। बहनोई के चचेरे भाई से उसकी दोस्ती प्यार में बदल गई। ग्रामीण बताते हैं कि युवती के घरवालों को जब पता चला तो उन्होंने युवक से शादी करने के लिए कहा। तब युवक ने मकान और नौकरी न होने की बात कहकर शादी से इन्कार कर दिया। उसके बाद युवती के घरवालों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी। दस दिन बाद उसकी बरात आनी थी।
सप्ताह भर पहले युवक ने युवती के फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। उसी दिन वह रामपुर के मिलक इलाके में रिश्तेदारी में चला गया और वहां जहर खा लिया। उसने परिवार के सदस्य को फोन कर सूचना दी। परिजनों उसे ने मिलक के निजी अस्पताल में इलाज कराया जहां उसकी हालत में सुधार हो गया। इधर, फोटो वायरल हुए तो मामला युवती के परिवार की जानकारी में पहुंचा। उन्होंने प्रेमी और उसके परिवार के लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी। पंचायत में पर बेइज्जती का हवाला देकर युवती का परिवार समझौता करने के लिए तैयार नहीं हुआ। दो दिन पहले प्रेमी ने फिर जहर खा लिया। वह मिलक में बेहोशी की हालत में मिला। स्थानीय लोगों ने उसके मोबाइल से उसकी बहन को सूचना दी। उसे फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार सुबह मौत हो गई।
युवक ने एक सुसाइड नोट भी वायरल किया था। इसमें लिखा है कि हम आज जिंदगी से जा रहे हैं। हमारी जिंदगी इतनी ही थी, हमने मना किया था फिर भी तैयार हो गए। हमारी जिंदगी नही कटती भैया, शादी हो जाती तो हम मर जाते, अपना सब लोग खयाल रखना। अब हम मर गए तुम्हारे लिए, हमें माफ कर देना।
25 वर्षीय युवक अपने परिवार का अकेला सहारा था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में मां हैं। उसकी दो छोटी बहनें हैं, जबकि दो बहनें शादीशुदा हैं। युवक की मां और उसकी बहनों का रो-रो कर बुरा हाल है।