फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: फेरे न कन्यादान, वर-वधू को उपहारों का वरदान

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। बरेली क्लब मैदान पर डेढ़ माह बाद मंगलवार को फिर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का मंडप सजा। सरकारी मदद के लिए वर-वधू ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई, पर न तो फेरे लिए, न ही कन्यादान हुआ। दूल्हे ने दुल्हन की मांग में सिंदूर भी नहीं भरा। अब वे शुभ मुहूर्त पर परिजनों व रिश्तेदारों की मौजूदगी में फेरे लेंगे। यहां शादी करने वाले दस जोड़ों से बातचीत की गई। इनमें सात ऐसे मिले जो सरकारी मदद के लिए रस्म अदायगी करने आए थे। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन ने साथ जाने के बजाय अपने-अपने घर की राह पकड़ी।
विज्ञापन

शेरगढ़ ब्लॉक के तीन जोड़ों ने कहा कि हम सरकारी मदद के लिए यहां आए हैं। इनमें से एक युगल 11 मार्च को तो बाकी दो जोड़े पांच मई को विधिवत विवाह बंधन में बधेंगे। जब घर जाकर दोबारा शादी करनी थी तो यहां क्यों आए? इस सवाल पर दूल्हा-दुल्हन ने चुप्पी साध ली। तभी दूल्हे के ताऊ बोल पड़े- यहां रस्म अदायगी करने वाले ये अकेले नहीं, और भी जोड़े हैं। घर पर बरात आएगी, विधिवत शादी के बाद दुल्हन की विदाई होगी।
पंडित जी से निकलवाएंगे मुहूर्त
वहां मौजूद एक और जोड़े ने कहा कि विधिवत शादी के लिए पंडित जी से मुहूर्त निकलवाएंगे। दो अन्य जोड़ों ने बताया कि वे इस योजना के लिए पात्र हैं, इसलिए यहां आए। एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर अपना लिया, लेकिन शादी होली के बाद होगी। एक अन्य युगल ने बताया कि विधिवत शादी 20 मार्च को होगी। यहां तो आर्थिक मदद के लिए हमने एक-दूसरे को वरमाला डाली है। अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

-
दूल्हा-दुल्हन ने जमीन पर बैठकर किया भोजन
बरेली। भोजन पंडाल में अचानक भीड़ बढ़ने से इंतजाम कम पड़ गए। कुछ देर तक वहां मारामारी की स्थिति रही। दूल्हा-दुल्हन जमीन पर बैठकर भोजन करते दिखे। अनाउंसमेंट कर पहले सदर, फिर 15 मिनट बाद नवाबगंज और इसके बाद अन्य क्षेत्रों के लोगों को भोजन पंडाल में जाने के लिए कहा जा रहा था। इसको अनसुना करते हुए लोग एक साथ भोजन पंडाल में दाखिल हो गए। कुर्सियां भर गईं तो कई दूल्हा-दुल्हन जमीन पर बैठकर भोजन करने लगे। वहां अव्यवस्था का माहौल बन गया। ब्यूरो


कुछ लोगों की जमीन पर बैठकर भोजन करने की आदत होती है, उन्हें हम क्या कह सकते हैं? आज जिनके विवाह हुए हैं, वे सभी योजना के अंतर्गत पात्र थे। योजना का लाभ उन्हें दिया गया। सभी ने मौके पर विवाह किया है। अब यहां से जाकर क्या करेंगे? यह उनका व्यक्तिगत विषय है। - सुधांशु शेखर, जिला समाज कल्याण अधिकारी
-
687 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने आशीर्वाद के साथ दी उपहारों की सौगात
बरेली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मंगलवार को बरेली क्लब मैदान पर 687 जोड़ों ने एक-दूजे का हाथ थामा। जयमाला डालकर 543 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। वहीं, काजी ने 144 जोड़ों का निकाह पढ़वाया। इनमें ग्रामीण क्षेत्र के 631 व नगर निकायों के 56 जोड़े शामिल रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उन्हें अपने हाथों से उपहार दिए। वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद और शुभकामनाएं भी दीं। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति ने व्यवस्था संभाली।
सांसद छत्रपाल गंगवार, महापौर उमेश गौतम, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. श्यामबिहारी लाल, डॉ. एमपी आर्य, डॉ. राघवेंद्र शर्मा सहित अनिल कुमार, प्रशांत पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, डीएम रविंद्र कुमार, सीडीओ जग प्रवेश, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिए।
विज्ञापन

ये उपहार दिए गए
साड़ी, पायल, बिछिया, प्रेशर कुकर, डिनर सेट, वैनिटी किट, दीवार घड़ी, ट्राॅली बैग, प्रेस, डबल बेडशीट, फेंटा/ बड़ा गमछा, वर के लिए कपड़े आदि।
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें