बरेली। रजऊ परसपुर के पास महालक्ष्मी गैस एजेंसी के गोदाम के बाहर तीन दिन पहले धमाके के साथ 50 से ज्यादा गैस सिलिंडर फटने के प्रकरण की जांच के लिए बृहस्पतिवार को इंडियन ऑयल पेट्रोलियम कंपनी के अधिकारियों की टीम पहुंची।
टीम ने गोदाम के बाहर बिखरे सिलिंडर और क्षतिग्रस्त वाहन की जांच की। ट्रक से छिटककर दूरदराज तक गिरे सिलिंडरों के बारे में पूछताछ की। गैस गोदाम में अग्निशमन व्यवस्था को परखा। हालांकि, टीम ने संबंधित रिपोर्ट कंपनी के उच्चाधिकारियों को भेजने की बात कही। टीम में एरिया मैनेजर अभय ऐरन, नोएडा से रवि, नागपुर के नितिन गोयल शामिल रहे। जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह के मुताबिक बीपीसी, एचपीसी, आईपीसी तीनों पेट्रोलियम कंपनियों को एजेंसी और गोदामों का निरीक्षण कर अग्निमशन की व्यवस्था दुरूस्त कराने के लिए कहा गया है। आबादी क्षेत्र में स्थित गोदामों को बाहरी क्षेत्र में स्थानांतरित कराने के लिए कहा है। ब्यूरो