मोदी सरकार लगातार लोगों से कैशलेश होने की बात कर रही है, लेकिन पेट्रोल कंपनियां नकदी पर ही छूट देने की बात कर रही हैं, ऐसा खुलेआम बैनर लगाकर किया जा रहा है। शहर में पंप संचालकों ने बाकायदा बैनर लगाकर नकद डीजल खरीद पर एक रुपये प्रति लीटर छूट देने की घोषणा कर रखी है।
पेट्रोलियम कंपनियाें के संरक्षण में जिले में पेट्रोल पंपों पर एमजीडी (मार्केट डिस्पीलिन गाइड लाइन) का पालन नहीं हो पा रहा है। ज्यादातर पंपों पर मनमानी, घटतौली और मिलावट आमबात है। अब पंपों पर एक नया फार्मूला शुरू किया गया है कि नकद खरीद पर पाओ एक रुपये प्रति लीटर की छूट। एक ओर जहां केंद्र सरकार कैशलेस होने के लिए प्रोत्साहित कर रही है वहीं दूसरी और कंपनी अफसर इसे फ्लाप करने पर जुटे हैं। अभी तक पंपों पर ज्यादा बिक्री की प्रतिस्पर्धा चल रही थी, लेकिन अब नकद खरीद पर छूट योजना शुरू हो गई है।
पीलीभीत बाईपास स्थित एचपीसी पंप पर लगे बैनर की जानकारी मिलने पर सेल्स अफसर कुमार वैभव अवस्थी ने नकद बिक्री पर छूट को वैध ठहराते हुए बताया कि पंप मालिक अपनी सेल बढ़ाने के लिए इस ढंग का हथकंडा अपना रहे हैं। सेल्स अफसर ने बताया कि कैशलेस योजना और कारोबार से कोई लेना देना नहीं।
‘रिलायंस से मुकाबला करने के लिए कुछ चुनिंदा स्थानों पर ही नकद बिक्री पर छूट देने का प्रावधान किया है। शहर में कहीं कुछ ऐसा हो रहा है, इसकी जानकारी नहीं है।’
- अनिल अग्रवाल, अध्यक्ष, पेट्रोलियम डीलर एसोसियेशन