शीशगढ़। राजमिस्त्री का काम करके आ रहे बाइक सवार ग्रामीण को गलत दिशा आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से घायल राजमिस्त्री की बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।
बहेड़ी ग्राम रोहनिया निवासी इंद्रजीत राजमिस्त्री का काम करते थे। इंद्रजीत आठ दिसंबर को ग्राम लालपुर (किच्छा) से काम करके शाम के समय घर आ रहे थे। घर आते समय थाना क्षेत्र के ग्राम दरऊ डाम के पास गलत दिशा से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी थी। इसमें वह गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायल को इलाज के लिए बरेली भेज दिया था। राजमिस्त्री का 18 दिन तक बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज के बाद मौत हो गई।
इंद्रजीत परिवार में अकेले कमाने वाले थे। उनकी आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है। उनका एक मात्र पुत्र अभी सिर्फ दस वर्ष का है। इंद्रजीत की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने टक्कर मारने वाले बाइक सवार के विरुद्ध लापरवाही से बाइक चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि टक्कर मारने वाले बाइक चालक की तलाश की जा रही है। संवाद