फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारी पड़ा प्रदर्शन.. शहर को पूरी दोपहर झेलना पड़ा जाम

विज्ञापन
सड़क पर उतरी भीड़ तो जाम से जूझा शहर। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन

श्यामगंज और सिविल लाइंस के चौराहों पर तेज धूप में घंटों फंसे रहे लोग

बरेली। पैगंबर-ए-इस्लाम के खिलाफ टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन के दौरान शहर की पहले से जाम झेल रहीं सड़कें लगभग पूरी तरह बंद हो गईं। श्यामगंज और सिविल लाइंस समेत शहर के कई इलाकों में घंटों तक भीषण जाम लगा रहा। पूरी दोपहर लोग जाम में फंसकर परेशान होते रहे।
विज्ञापन

प्रदर्शन के लिए जुमे की नमाज के बाद लोगों से इस्लामिया ग्राउंड पर इकट्ठे होने की अपील की गई थी। पुराना शहर, किला, इज्जतनगर समेत शहर के तमाम इलाकों से मुस्लिम समाज के लोग दोपहर एक बजे से ही पैदल और वाहनों से इस्लामिया ग्राउंड की ओर पहुंचने लगे। सैलानी समेत पुराना शहर के इलाकों की भीड़ श्यामगंज की ओर पहुंची तो पुल के नीचे और चौराहे के साथ आसपास पूरे इलाके में सड़कें जाम होने लगीं। चूंकि इन दिनों खुर्रम गौंटिया रोड बंद होने की वजह से सेटेलाइट से सिविल लाइंस की ओर आने-जाने वाले वाहन भी श्यामगंज होकर गुजर रहे हैं लिहाजा जरा सी ही देर में भीषण जाम लग गया। वाहन लेकर इस भीड़ में फंसे लोग काफी देर परेशान होते रहे। दोपहर तीन बजे तक वाहनों को रेंग-रेंगकर गुजरना पड़ा।

कलक्ट्रेट रोड पर एक लेन में जुलूस दूसरी पर दोनों तरफ का यातायात

जमात रजा मुस्तफा के आह्वान पर लोग इस्लामिया ग्राउंड पर इकट्ठे हुए लेकिन हजरत शाह सकलैन एकेडमी ऑफ इंडिया की अपील पर जुटे लोग चौकी चौराहा होकर कलक्ट्रेट की ओर बढ़े तो चौकी चौराहे से कलक्ट्रेट तक सड़क की एक लेन पूरी तरह बंद हो गई। दूसरी लेन पर ही दोनों तरफ का यातायात निकाला गया तो वहां भी काफी देर जाम के हालात बने रहे।

पटेल चौक से चौपुला तक भीषण जाम, पैदल भी नहीं गुजर पाए लोग

प्रदर्शन में शामिल होने देहात से भी तमाम लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और दूसरे वाहनों से शहर पहुंचे थे। हजरत शाह सकलैन एकेडमी ऑफ इंडिया के लोग कलक्ट्रेट से ज्ञापन देकर सिविल लाइंस की ओर लौटे तो पटेल चौक पर जाम लग गया। इसी बीच इस्लामिया ग्राउंड में इकट्ठे लोग भी घरों को लौटने लगे तो जाम और ज्यादा भीषण हो गया। यहां सीवर लाइन की खोदाई के कारण सड़क की एक लेन बंद है। लिहाजा पटेल चौक से लेकर चौपुला तक जाम लगा रहा। एंबुलेंस तक जाम में फंसी रही।

नावल्टी पर तीन घंटे से ज्यादा जाम

इस्लामिया ग्राउंड के नजदीक होने के कारण सबसे ज्यादा जाम नावल्टी चौराहे पर लगा। यहां तीन घंटे से ज्यादा समय तक लोगों के आने-जाने के चलते आवागमन बाधित रहा। हालांकि कोतवाली पुलिस के अलावा ट्रैफिक पुलिस भी यहां तैनात थी लेकिन स्थिति संभालने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। एक एंबुलेंस जब काफी देर तक जाम में फंसी रही तो पुलिस ने उल्टी दिशा की लेन खाली कराकर उसे निकलवाया।

कुतुबखाना पर भी भीड़भीड़ में फंसा ट्रैफिक

अतिक्रमण के चलते पहले से ही संकरी कुतुबखाना चौराहे की सभी सड़कों पर शुक्रवार को जाम रहा। यहां दोपहर एक बजे से लोगाें के इस्लामिया मैदान की ओर जाने के साथ ही जाम लगना शुरू हुआ और लोगों के वापस होने के एक घंटे बाद यही हालात बने रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें