बरेली। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाल सड़कों से परेशान लोगों को जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अंतर्गत आने वाली 134 सड़कों की विशेष मरम्मत के लिए 50 करोड़ रुपये का स्टीमेट तैयार किया गया है।
लंबे समय से खस्ताहाल सड़कों के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह सड़क की सतह उखड़ने और गड्ढे होने से वाहन चालकों को दिक्कत होती है। इन सड़कों की खराब स्थिति विशेष मरम्मत के तहत सुधारने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है।
प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता भगत सिंह ने बताया कि सड़कों पर विशेष मरम्मत कार्य को लेकर शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। मंजूरी मिलते ही सभी सड़कों पर मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा।