ट्रिपिंग और लो वोल्टेज से लोग परेशान
किला उपकेंद्र के बमनपुरी में खराबी की वजह से शुक्रवार दोपहर दो घंटे आपूर्ति बाधित रही। सिटी स्टेशन के आसपास के इलाकों में बृहस्पतिवार को बंच केबल जल गया था। शुक्रवार को आपूर्ति शुरू हुई, लेकिन ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से सिटी स्टेशन, नीम वाली मस्जिद, मलूकपुर, कुंवरपुर इलाकों में उपभोक्ता ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या से जूझते रहे। बीडीए कॉलोनी के पास दोपहर तीन बजे भूमिगत केबल में फॉल्ट हो गया। इसे छह बजे के बाद ठीक किया जा सका। इसके बाद भी इलाके में ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। स्टेडियम रोड के पास बंच केबल बदलने के दौरान कटौती की गई। संवाद
सुभाषनगर में आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद नहीं
सुभाषनगर इलाके में फिलहाल आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद नहीं है। कुतुबखाना, शाहदाना, किला, मढ़ीनाथ उपकेंद्र से जुड़े इलाकों के लोगों को भी लोकल फॉल्ट के कारण कटौती का सामना करना पड़ रहा है। पुराना शहर के सूफी टोला, सैलानी, कांकरटोला, बारादरी में भी लोकल फॉल्ट की समस्याएं बनी हुई हैं।
गृहिणी करिश्मा सिंह ने बताया कि बेहिसाब कटौती से दिनचर्या बिगड़ गई है। पूरी-पूरी रात कटौती होती है। दिन में भी सामान्य रूप से आपूर्ति नहीं हो रही। उपकेंद्र और टोल फ्री नंबर पर शिकायत का भी कोई नतीजा नहीं निकलता।
एडवोकेट जिनेंद्र कुलश्रेष्ठ ने बताया कि सुबह कटौती के कारण पानी की समस्या पैदा हो गई। रात में नींद पूरी नहीं हो सकी। दिन में ट्रिपिंग होती रही। जिम्मेदार स्थायी समाधान नहीं कर रहे। नींद पूरी न होने से दिनचर्या बिगड़ रही है।
गृहिणी पार्वती ने कहा कि बिजली कटौती के कारण घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। पेयजल की समस्या भी पैदा हो रही है। कटाैती से सबसे ज्यादा समस्या बच्चों को हो रही है। समस्या का समाधान नहीं हो रहा।
व्यापारी अजय शाह ने कहा कि बिजली की अंधाधुंध कटौती से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। ट्रिपिंग और हाई वोल्टेज की समस्या दूर नहीं हो रही। इलाके में बमुश्किल 12-14 घंटे ही बिजली आपूर्ति की जा रही है।