पूर्व सैनिकों की पेंशन से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए 146वीं रक्षा पेंशन अदालत सोमवार 24 अप्रैल और मंगलवार 25 अप्रैल को सुबह 10 बजे से लगेगी। सुबह आठ बजे से पेंशनरों का पंजीकरण शुरू हो जाएगा और इन्हें टोकन बंटेगा। इसमें सभी राज्यों के रेजिमेंट से जुड़े पूर्व सैनिक और एयरफोर्स व नेवी के सैनिक भी शामिल होेंगे। जंक्शन और सेटेलाइट से निशुल्क बस सेवा भी दी जाएगी।
एडम कमांडेंट स्टेशन हेडक्वार्टर कर्नल अमितवीर पांड्या और अभिलेख अधिकारी ले. कर्नल अशोक भोसले ने बताया कि सिर्फ बरेली व आसपास में ही 50 हजार पेंशनर्स, वीर नारी, युद्ध वीरांगना, भूतपूर्व सैनिक, सेवानिवृत्त सैनिक हैं। 24 और 25 अप्रैल को कारगिल हॉल में अतिरिक्त रक्षा लेखा नियंत्रक दिल्ली के मुख्य रक्षा लेखा नियंत्रक पेंशन प्रवीन कुमार शामिल रहेंगे। बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, रामपुर, मुरादाबाद, पीलीभीत, संभल और जेपी नगर के अलावा दूसरे राज्यों के रेजीमेंट से जुड़े पेंशनर्स भी इसमें शामिल हो सकते हैं। अदालत शाम साढ़े 5 बजे तक चलेगी। पेंशनर्स को सभी रिकार्ड लेकर आने होगे। अपने साथ आधार कार्ड और एक्स सर्विसमैन का कार्ड रखना होगा। कैंट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। अगर कोई सिविलियन सेना क्षेत्र में प्रवेश करता है तो उसे अपने साथ अपनी आईडी रखना जरूरी होगा क्याेंकि उसकी चेकिंग कभी भी हो सकती है।