बरेली। नगर निगम में शासन के बिना किसी आदेश से जमा किए जा रहे समाजवादी पेंशन के आवेदन जमा करने का काम रोक दिया गया। पिछले एक हफ्ते से भी ज्यादा समय से समाजवादी पेंशन के आवेदन दलालों के माध्यम से जमा कराए जा रहे थे। आवेदन जमा न होने पर तमाम लोग नगर आयुक्त से मिलने गए। नगर आयुक्त ने उनको दो टूक कह दिया कि अभी शासन से ऐसे आवेदन जमा कराने के कोई निर्देश नहीं हैं। लिहाजा, कोई भी आवेदन जमा नहीं होगा।
नगर निगम में दलालों के माध्यम से समाजवादी पेंशन के आवेदन जमा करने का काम चल रहा था। दलाल गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों को बरगलाकर समाजवादी पेंशन के फार्म जमा कराने के बहाने उनसे रुपये ऐंठ रहे थे। अमर उजाला ने 24 सितंबर को समाचार प्रकाशित कर दलालों के माध्यम से समाजवादी पेंशन के फर्जी आवेदन जमा करने का मामला उठाया था। इसका असर ये हुआ कि आवेदनकर्ताओं की संख्या काफी कम हो गई। शनिवार को तमाम लोग पेंशन के फार्म लेकर नगर निगम पहुंचे तो कर अधीक्षक रिछपाल सिंह ने उनको वापस कर दिया। इसके बाद ये लोग नगर आयुक्त शीलधर सिंह यादव से मिलने गए। नगर आयुक्त ने आवेदन कर्ताओं से स्पष्ट कहा कि समाजवादी पेंशन के आवेदन जमा कराने संबंधी शासन से कोई निर्देश नहीं हैं। ऐसे आवेदन करने से कोई फायदा भी नहीं। इसके साथ कर अधीक्षक रिछपाल सिंह को समाजवादी पेंशन का कोई आवेदन नहीं जमा करने के निर्देश दिए गए। इसी के साथ पेंशन के फार्म जमा करने का काम बंद हो गया।