- खानापूर्ति की शिकायतों पर अफसरों ने आरोग्य मेलों का लिया जायजा
बरेली। आरोग्य मेले में इलाज के नाम पर खानापूर्ति की शिकायतें मिलने पर विभागीय अफसरों ने रविवार को केंद्रों का निरीक्षण किया। इलाज के लिए पहुंचे मरीजों पर बदलते मौसम का असर दिखा। ज्यादातर मरीज वायरल बीमारियों की चपेट में पाए गए।
आयुष्मान योजना के जिला समन्वयक डॉ. अनुराग अग्रवाल के नेतृत्व में गठित टीम ने हरूनगला, शेर अली गौटिया, बिहारीपुर केंद्र का निरीक्षण किया। ओपीडी रजिस्टर, पोर्टल अपडेशन, अभिलेखोें के रखरखाव, साफ-सफाई, स्टाफ की मौजूदगी और उनके कार्यों के संबंध में पूछताछ की। उन्होंने बताया कि छिटपुट खामियां मिली हैं। उन्हें दूर करने के लिए कहा गया है। तीनों केंद्रों पर औसतन 40 से ज्यादा मरीजों का इलाज हो चुका था। इसमें बुखार, जुकाम, आंखों में जलन, त्वचा संबंधी मरीज ज्यादा रहे।
जो गंभीर मरीज थे उन्हें मेडिकल ट्रीटमेंट और सर्जरी आदि के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया था। डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अंसारी वीआईपी ड्यूटी की वजह से केंद्राें का निरीक्षण नहीं कर सके। महाशिवरात्रि की वजह से सीएमओ ने अफसरों की ड्यूटी में भी बदलाव किया था।