शीशगढ़। नगर पंचायत शीशगढ़ के बिलासपुर अड्डे से मोती मस्जिद तक डाली गई लगभग 300 मीटर लंबी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। सड़क की परत उखड़ने का वीडियो वायरल है। यह सड़क शुक्रवार रात ही डाली गई थी।
वीडियो में दिख रहे कस्बे के लोगों का कहना है कि सड़क पर केवल काली बजरी डाली गई है। साथ ही, मिट्टी के ऊपर से ही बाहरी सामग्री पाटी गई है। बजरी पैर से ही हटती दिख रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि 41 लाख रुपये के ठेके की चर्चा है। यह मार्ग नैनीताल, रुद्रपुर और बिलासपुर को जोड़ता है। रोजाना सैकड़ों लोग इससे गुजरते हैं।
इसके बावजूद शुक्रवार रात बिना ब्लॉक लिए रात दो से चार बजे तक सड़क डाल दी गई। इस बीच कुछ वाहन भी गुजरे, जिससे सामग्री सही से बैठ नहीं सकी। उजैर अमजद, बबलू भाई, जलीश भाई, अरशद, इमरान, नईम अहमद, अयान आदि ने गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने की मांग की है। शिकायत पर पीडब्ल्यूडी के जेई प्रेम सिंह ने सड़क का जायजा लिया। मौके पर पैचिंग कार्य की गुणवत्ता खराब पाई गई। ठेकेदार से कहकर खराब पैचिंग को हटाया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता भगत सिंह ने बताया कि तापमान कम होने के कारण कोलतार बजरी पर चिपक नहीं पाया। पैचिंग के बाद वाहन गुजरने लगे। इससे बजरी छूट गई। अब ब्लॉक लेकर कार्य कराने की बात कही गई है।