रेलवे ने एक जून से 200 ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। इसके तहत सोमवार को दिल्ली से चलकर पहली ट्रेन महामना एक्सप्रेस (02218) रात 9:47 बजे आएगी, जबकि पटना से चलकर रात 11:51 बजे श्रमजीवी एक्सप्रेस (02391) दिल्ली की ओर जाने के लिए पहुंचेगी।
सोमवार को जंक्शन पर पहली ट्रेन नई दिल्ली-वाराणसी महामना एक्सप्रेस (02218 डाउन) आएगी। यह ट्रेन सोमवार को शाम 6.35 बजे चलकर गाजियाबाद, मुरादाबाद होते हुए रात 11.10 बजे जंक्शन पहुंचेगी। यहां से लखनऊ, निहालगढ़, सुल्तानपुर, जौनपुर होते हुए सुबह 8.25 बजे वाराणसी पहुंचेगी। दूसरी ट्रेन राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस सुबह आठ बजे राजगीर (बिहार) से चलकर रात 11.51 बजे जंक्शन पहुंचेगी।
जंक्शन पर खुले रहेंगे खानपान के स्टाल
करीब 70 दिन बाद स्टाल खुलेंगे। इसी के साथ चहल पहल भी वापस होगी। स्टाल पर खानपान की चीजें खरीदते समय सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखा जाएगा। रेलवे ने सभी स्टालों से पुराने सामान को हटाने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि जनता कर्फ्यू के बाद से खानपान के सभी स्टाल बंद कर दिए गए थे।
इज्जतनगर स्टेशन पर 419 रिजर्वेशन हुए रद्द
इज्जतनगर स्टेशन पर 419 यात्रियों ने रिजर्वेशन रद्द कराए जिससे टिकट विंडों से करीब पौने दो लाख रुपये की वापसी की गई। दूसरी ओर 292 यात्रियों ने करीब 15 लाख रुपये के रिजर्वेशन कराए। लॉक डाउन के बाद यह अभी तक सबसे अधिक रिजर्वेशन हुए हैं।
मुरादाबाद डिवीजन के सभी स्टेशनों पर एक ही गेट से एंट्री होगी। इसके अलावा सभी एंट्री प्वाइंट बंद रहेंगे। यात्रियों का आवागमन केवल मेन गेट से ही होगा। - मानसिंह मीणा, एडीआरएम, मुरादाबाद रेल डिवीजन