बरेली। ब्यूटी पार्लर में काम करने वाली युवती के लापता होने पर दूसरे समुदाय की सहेली और लव जिहाद का तड़का लगाकर रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। इसी मामले में युवती के मामा ने सौतेली मां पर हत्या कराने का संदेह जताकर तहरीर दे दी। इज्जतनगर पुलिस की जांच में पता लगा कि युवती अपनी ही बिरादरी के पीलीभीत निवासी प्रेमी से शादी करके रुद्रपुर में रह रही है। अब उसे बरेली लाया गया है। कोर्ट में बयान कराने की तैयारी है।
रेलवे कॉलोनी के पास रहने वाले शख्स ने इज्जतनगर थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम को बताया कि उनकी 21 वर्षीय बेटी शहीद गेट के पास ब्यूटी पार्लर पर काम सीखने जाती थी। पार्लर पर दूसरे समुदाय की लड़की भी काम सीखती थी। उस लड़की ने उनकी बेटी के साथ दोस्ती कर ली। 17 जून को उनकी बेटी रेलवे अस्पताल जाने की बात कहकर निकली, पर घर नहीं लौटी। युवती के पिता ने शक जताया कि उनकी बेटी को लव जिहाद में फंसाकर अगवा कर लिया गया है। जब से उनकी बेटी लापता हुई है, तभी से उसकी सहेली का नंबर बंद हो गया है।
पुलिस ने युवती की तलाश शुरू की, तभी बिहार से आए उसके मामा ने इंस्पेक्टर को तहरीर देकर बताया कि उनकी बहन की मौत के बाद बहनोई ने दूसरी शादी कर ली। उन्हें शक है कि सौतेली मां ने संपत्ति की खातिर उनकी भांजी की हत्या करा दी है। नए आरोप के बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली। यह भी चेक किया कि कहीं गड्ढा खोदकर तो नहीं दबाया गया है।
इंस्टाग्राम से मिला सुराग
इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस ने युवती के परिचितों से उसकी सोशल मीडिया आईडी पता की। इंस्टाग्राम आईडी चेक करने पर पीलीभीत के जहानाबाद निवासी संस्कार कश्यप से उसकी दोस्ती का पता लगा। पुलिस ने जानकारी की तो पता लगा कि संस्कार भी घरवालों के संपर्क में नहीं है। नंबरों से सुराग जुटाती पुलिस उत्तराखंड के रुद्रपुर पहुंची। वहां संस्कार के साथ युवती पत्नी की तरह रहती मिली। उसकी मांग भरी हुई थी। दोनों ने अपने बालिग होने का प्रमाण दिया और शादी करने की बात बताई। तब पुलिस दंपती को लेकर बरेली आई।
वर्जन
युवती की दूसरे समुदाय की कोई सहेली नहीं थी और न ही मामला लव जिहाद से जुड़ा था। युवती अपने समाज के ही युवक के साथ स्वेच्छा से गई थी और उससे शादी कर ली है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। कोर्ट में बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। - शिवम आशुतोष सिंह, एएसपी