एसएसपी ऑफिस में बेसुध हुए लापता युवक के पिता दिनेश सिंह
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के बिशारतगंज निवासी युवक डेढ़ साल से लापता है। बिशारतगंज निवासी युवक के पिता दिनेश सिंह और माता बेटे की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। सोमवार को पीड़ित दंपती एसएसपी ऑफिस पहुंचे। यहां वे क्राइम ब्रांच में विवेचक से मिलने गए तो उन्होंने कह दिया कि क्या सब ठेका उन्हीं ले रखा है। इस पर दंपती फफक कर रो पड़े। दिनेश सिंह बेसुध हो गए। पत्नी ने उन्हें संभाला।
दिनेश सिंह और उनकी पत्नी ने एसएसपी ऑफिस में हंगामा कर अपने लापता बेटे शिवम की तलाश कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि डेढ़ साल पहले बेटा सेना भर्ती देखने की बात कहकर घर से निकला था। बाद में अलीगढ़ के एक होटल से उनके पास कॉल आई। बताया गया कि उनके बेटे का बैग यहां रखा है।
मामले में एक लड़की की भूमिका का पता लगा। मुकदमा दर्ज होने के डेढ़ साल बाद भी बेटे का पता नहीं चला है। आज वह क्राइम ब्रांच में विवेचक से मिलने आए तो उन्होंने कह दिया कि क्या सब ठेका उन्हीं ले रखा है। दंपती के रोने और शोर मचाने पर शिकायतें सुन रहे सीओ और पुलिस पहुंच गई। उन्होंने पीड़ित दंपती की बात सुनी।