पीड़ित की परेशानी का ऑडियो वायरल, नए एसएसपी बोले- रिपोर्ट दर्ज कराएंगे
मीरगंज/दुनका (बरेली)। प्रेमप्रसंग से जुड़े मामले में शाही इलाके के एक गांव में पंचायत ने प्रेमी को अजीबोगरीब सजा सुना डाली। पंचायत ने प्रेमिका से प्रेमी को सरेआम चप्पलें लगवाईं और फिर प्रेमी का मुंह काला कर चप्पलों का हार पहनाकर गांव में घुमा डाला। यूपी 112 पुलिस जानकारी पर पहुंची भी पर शिकायत न होने की बात कहकर लौट आई। पुलिस जानकारी से इंकार कर रही है तो नए एसएसपी ने प्रेमी के ऑडियो का संज्ञान लेकर रिपोर्ट की बात कही है।
मामलादुनका पुलिस चौकी क्षेत्र के एक गांव का है। एक गांव के ही दो अलग जातियों के युवक व किशोरी के बीच प्रेमप्रसंग चल रहा था। युवक मीरगंज के एक कालेज में इंटरमीडिएट का छात्र है और किशोरी गांव के पास स्कूल में कक्षा दस की छात्रा है। शनिवार दोपहर में किशोरी के बुलाने पर युवक खेत में पहुंचा। वहां कुछ लोगों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। फिर पड़ोस के खेत से किशोरी की दादी को बुला लिया। तब युवक मौके से भाग निकला। सूचना पर तब यूपी 112 पुलिस भी पहुंची पर शिकायत न होने की वजह से चली आई।
युवक के मुताबिक मंगलवार सुबह एक जनप्रतिनिधि की चौपाल पर दोनों पक्षों को बुलाया गया था। वहां भरी पंचायत में उसका मुंह काला किया गया। उसकी प्रेमिका को बुलाकर उसी से उसे चप्पलें लगवाई गईं। फिर गले में चप्पलों का हार पहनाकर मोहल्ले में घुमाया गया। इससे वह काफी शर्मिंदा है पर डर की वजह से वह और उसका परिवार कुछ कह नहीं सके। इस मामले में दुनका चौकी प्रभारी प्रदीप राघव व शाही थाना प्रभारी वीरेंद्र राणा घटना की जानकारी से इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई है। ऐसा वास्तव में हुआ है तो वह जानकारी करेंगे।
शाही के गांव में युवक के साथ इस तरह की घटना की जानकारी नहीं है। इसका ऑडियो वायरल होने की चर्चा है। ऑडियो के आधार पर पुलिस जांच करके खुद पीड़ित से संपर्क करेगी। दोषियों के खिलाफ सक्त कार्रवाई की जाएगी। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
मुझे कॉल करके बुलाया, चाहो तो मेसेज भी देख लो
बरेली। पंचायत में एकतरफा दोषी करार दिए गए प्रेमी को जो सजा मिली, उससे वह काफी आहत है। पत्रकारों से बातचीत में उसने अपना दर्द सुनाया कि किस तरह सार्वजनिक रूप से उसकी प्रेमिका से उसकी पिटाई कराई गई। दोनों ही अपनी सफाई देते रहे पर किसी न सुनी।
ऑडियो में युवक ने साफतौर पर स्वीकारा है कि शनिवार को वह मीरगंज अपने कालेज में आया था। सुबह से ही गांव की ही निवासी उसकी प्रेमिका उसे कॉल करती रही। लगातार मेसेज करते हुए उसे दोपहर तक बुलाती रही। यह सब कॉल और मेसेज उसके मोबाइल में रिकार्ड हैं। बताया कि दोपहर में वह गांव किनारे खेत पर पहुंच गया और दोनों को प्रेमिका की दादी व अन्य ग्रामीणों ने आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। उस दिन वह बचकर भाग गया। मंगलवार सुबह जब उसे पंचायत में बुलाया गया तो उसे उम्मीद नहीं थी कि स तरह बेइज्जती की जाएगी। प्रेमिका उसे नहीं पीटना चाहती थी। वह कहती रही कि प्रेमी की गलती नहीं है पर किसी ने न सुनी।