एसपी देहात ने भी कई गांवों में की बैठक
बरेली। पंचायत चुनाव के दौरान संवेदनशील चिन्हित किए गए उत्तराखंड सीमा के गांव नदेली में एडीजी और एसएसपी ने बृहस्पतिवार को बैठक कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। एसपी देहात भी फरीदपुर और भुता के संवेदनशील गांवों में पहुंचे।
पिछले पंचायत चुनाव में उत्तराखंड सीमा से सटे थाना बहेड़ी के गांव नदेली में भारी विवाद हुआ था। मिश्रित आबादी वाला यह गांव अब संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। बृहस्पतिवार को एडीजी अविनाश चंद्र और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण नदेली पहुंचे। यहां ग्रामीणों और प्रत्याशियों के साथ बैठक कर चुनाव में शांति बनाए रखने और कोई भी खुराफात होने पर उसकी सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए। सीओ बहेड़ी यतेंद्र सिंह नागर और इंस्पेक्टर गीतेश कपिल भी इस बैठक में मौजूद रहे।
एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल सीओ फरीदपुर राजकुमार मिश्र और थाना प्रभारी के साथ फरीदपुर के गांव जेड़ और पचौमी और भुता के गांव कंजा चकरपुर और अठकोना पहुंचे। हिंदू-मुस्लिम की मिश्रित आबादी वाले इन गांवों को भी पंचायत चुनाव में संवेदनशील माना जा रहा है। एसपी देहात ने लोगों से कोई भी विवाद होने पर पुलिस को सूचित करने और संयम से काम लेने की बात कही।