उच्च प्राथमिक विद्यालय पचपेड़ी में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में क्षेत्र के नौ स्कूलों के बच्चों ने कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय पचपेड़ी के बच्चों ने बाजी मारी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को एसडीएम अखिलेश यादव और बीईओ डीके वर्मा ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। जिला विज्ञान क्लब के तत्वावधान में उच्च प्राथमिक विद्यालय पचपेड़ी में विज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान मूड़ा बुजुर्ग, पचपेड़ी, त्रिकोलिया, बिनौरा, हरसिंगपुर, कस्तूरबा गांधी विद्यालय समेत नौ उच्च प्राथमिक स्कूल के बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप जला कर किया। भाषण प्रतियोगिता में पचपेड़ी की मोजमा ने प्रथम, त्रिकौलिया की सलोनी ने द्वितीय, कस्तूरबा गांधी विद्यालय की नैंसी ने तृतीय, पोस्टर प्रतियोगिता में अदलाबाद की सुमेरा बनो प्रथम, मूडा बुजुर्ग की राधिका द्वितीय, हरसिंगपुर के शिवम तृतीय, प्रश्नोत्तरी में कस्तूरबा की कौशिकी ने प्रथम, कस्तूरबा गांधी विद्यालय की मिदाइल नासरून ने द्वितीय, पचपेड़ी के वीरेंद्र और खुशनिदा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बेकार पन्नी, बोतल आदि से गमला आदि सजाकर पचपेड़ी के बच्चों ने अतिथियों को भेंट किया। इस दौरान एसडीएम, बीईओ के अलावा विज्ञान समन्वयक सुनील मिश्र, पूर्व शिक्षक संघ ब्लॉक अध्यक्ष रूप सिंह यादव, मनीष वर्मा आदि लोगों ने बच्चों से विज्ञान संबंधी कई सवाल पूछें। इस दौरान वेद प्रकाश, शाकिर बेग, रोहित, विद्यानरेश, श्याम बाबू, शीला कुशवाहा, शैलेष श्रीवास्तव, निर्मल चतुर्वेदी, राहुल भदौरिया, मार्कण्डेय मौर्या आदि लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संजीव श्रीवास्तव, प्रमोद अवस्थी ने किया।