बरेली। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड) के तहत हो रहे काम की धीमी रफ्तार मुसीबत बनी हुई है। नगर निगम ने मई तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है, मगर रफ्तार को देखते हुए यह पूरा होता नहीं दिख रहा। यही नहीं शहर के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह अधूरा निर्माण और फैली हुई निर्माण सामग्री हादसों को खुला निमंत्रण दे रही है।
रविवार को सीएम ग्रिड के तहत हो रहे कार्यों की पड़ताल के दौरान कई जगह अव्यवस्थाएं नजर आईं। स्टेडियम रोड पर स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक है। यहां सीवर लाइन के चैंबर (डिप) खुले पड़े हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पूर्व में इन खुले गड्ढों के कारण कई लोग चोटिल हो चुके हैं, इसके बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।
स्टेडियम से मॉडल टाउन की ओर जाने वाली सड़क पर खोदाई के बाद निकाली गई मिट्टी सड़क पर फैली हुई है। फिसलन भरी सड़क पर दोपहिया वाहन चालकों को हादसे का डर रहता है।
डेलापीर मार्ग पर काम अंतिम चरण में बताया जा रहा है। यहां भी निर्माण सामग्री के बिखरी होने के कारण यातायात सुगम नहीं है।