वार्ड छह में सिंधू नगर के सामने जर्जर सड़क
- फोटो : अमर उजाला
बरेली में नगर निकाय चुनाव के जोर पकड़ने के साथ ही वार्डों की समस्याएं भी सामने आने लगी हैं। शहर के कई इलाके पांच साल तक विकास से अछूते रहे। नालियां बजबजा रही हैं, वहीं टूटी सड़कों पर लोग हिचकोले खा रहे हैं। बारिश में जलभराव की समस्या लोगों को परेशान करती है। कूड़े के ढेर से आ रही दुर्गंध ने लोगों का जीना हराम कर रखा है।
मलिन बस्तियों से भी बुरा जाटवपुरा का हाल
वार्ड नंबर दो जाटवपुरा के कई इलाकों का हाल मलिन बस्तियों से भी बुरा है। सफाई कर्मचारियों के न आने से कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। मोहल्ले के सभी नाले चोक हैं। कुम्हारों वाली पुलिया की ओर जाने वाली सड़क बारिश में तालाब बन जाती है।
वार्ड नंबर 02- जाटवपुरा
आबादी-10195
प्रमुख इलाके- जाटवपुरा, मारवाड़ीगंज, माधोगंज, रेलवे कॉलोनी।
प्रमुख समस्याएं- सभी नाले चोक, संकरी गलियों में कूड़े के ढेर।
वार्ड नंबर दो में रहने वाले ताहिल ने बताया कि सफाई कर्मचारी कभी-कभार ही आते हैं। संकरी गलियों में कूड़े के ढेर लगे हैं। नालियां बजबजा रही हैं। शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती।
वार्ड दो में कुम्हारों की पुलिया के पास सड़क का हाल
- फोटो : अमर उजाला
पांच साल में नहीं बन सकी सड़क
सिंधु नगर की ओर जाने वाली सड़क पांच साल से उखड़ी पड़ी है। नालों की कई साल से सफाई नहीं हुई है। स्मार्ट सिटी के काम हो रहे हैं, लेकिन नवादा शेखान में हालात बदतर ही हैं। बारिश के दिनों में सबसे ज्यादा समस्या होती है।
वार्ड नंबर- 06 नवादा शेखान
आबादी- 11696
प्रमुख इलाके- नवादा शेखान
प्रमुख समस्याएं- सड़कों की दुर्दशा, चोक नाले।
अनिल मौर्य ने बताया कि नवादा शेखान में सड़कों की दुर्दशा है। पांच साल में कोई खास काम नहीं हुए। नालों की सफाई नहीं होती। बारिश में स्थिति बदतर हो जाती है। मच्छरों का प्रकोप है।
दो वार्डों के बीच उलझी रही सड़क
हरूनगला से सहसवानी टोला जाने वाली मुख्य सड़क पांच साल तक दो वार्डों के बीच उलझी रही। इलाके के लोगों ने वोट तो दिया, लेकिन सड़क निर्माण की बात आई तो तय ही नहीं हो सका कि सड़क किस वार्ड का हिस्सा है।
वार्ड नंबर- 17 हरूनगला
आबादी- 12701
प्रमुख इलाके- हरूनगला, सिंधु नगर
प्रमुख समस्याएं- खस्ताहाल मुख्य मार्ग, कीचड़, जलभराव और गंदगी
स्थानीय निवासी संजू ने बताया कि हरूनगला के लोग ठगा सा महसूस कर रहे हैं। सड़कों का निर्माण तो हुआ ही नहीं, नालों की सफाई भी नहीं हुई। कई इलाकों में बारिश में पानी घरों में घुसता है।
घना इलाके में हर ओर दिखती है गंदगी
सहसवानी टोला घना इलाका है। वार्ड नंबर छह की ओर जाने वाली सड़क के निर्माण की मांग पांच साल तक होती रही। अब तक तय नहीं हो सका है कि यह सड़क किस वार्ड में है। विकास के नाम पर सिर्फ वादे किए गए।
वार्ड नंबर 40- सहसवानी टोला
आबादी- 9969
प्रमुख इलाके- सतीपुर रोड, बुखारपुरा, सहसवानी टोला।
प्रमुख समस्याएं- घने इलाके में गंदगी, खराब सड़कें
स्थानीय निवासी रीना ने बताया कि चुनाव से पहले ही तय कर लेंगे कि आखिर वार्ड में विकास कौन कराएगा। पिछले पांच साल खराब सड़कों की दशा में सुधार की उम्मीद ही लगाए रहे, लेकिन निराशा हाथ लगी।