बरेली। लालफाटक ओवरब्रिज की सर्विस लेन से सटकर बने नाले को जगह-जगह पर खुला छोड़ दिया गया है। उस पर रखने के लिए सीमेंट के स्लैब तो बने रखे हैं, लेकिन उनसे नाले को पूरी तरह से ढका नहीं गया है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। गुरुवार को एक गाय भी इसमें गिर गई, जिसे लोगों ने किसी तरह बचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सेतु निगम के स्टाफ से जब कोई शिकायत करता है तो लापरवाही वाला जवाब मिलता है, ‘बनवा हमने दिया है, उठाकर रख खुद लो।’
सर्विस लेन बनाए बगैर ही ओवरब्रिज का काम शुरू करने पर यहां एक्सीडेंट में कई लोगों को जान तक गंवानी पड़ चुकी है। काफी फजीहत के बाद सेतु निगम ने सर्विस लेन तो बना दी, लेकिन उसके किनारे बने नाले को कई जगहों पर खुला छोड़ दिया है। सर्विस लेन से सटकर बने नाले में वाहनों के गिरने का खतरा बना हुआ है। बताते हैं कि कई बार यहां बाइक वाले भी गिर चुके हैं। दुकानों के सामने नाला होने से कस्टमर सहित दूसरे लोगों के आने-जाने के दौरान गिरने का डर बना रहता है। गुरुवार को खुले नाले में एक गाय गिर गई। किसी तरह से उसे बाहर निकला गया। दुकानदारों का कहना है कि बार-बार हादसे के बावजूद नाले पर स्लैब नहीं रखे जा रहे हैं। बदायूं की तरफ फ्लाईओवर के पास एक प्लाट में सीमेंट के स्लैब कई माह से बने रखे हैं, लेकिन उन्हें उठाकर नाले पर नहीं रखा जा रहा। बारिश में कीचड़ होने से भी खतरा बना हुआ है।
स्टाफ को निर्देशित कर जल्द ही नाले पर स्लैब रखवाकर उसे बंद कराया जाएगा। सर्विस लेन को लेकर भी दिक्कत है। कीचड़ जमा हो रहा है। उसे भी साफ करा दिया जाएगा।
-वीके सेन, डीपीएम, सेतु निगम