बरेली। हार्टमन ओवरब्रिज पर सीसी रोड की ऊपरी सतह को सही से नहीं बनाया गया है। इससे पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को भी बार-बार मरम्मत करानी पड़ रही है लेकिन इससे सुधार नहीं हो पा रहा है। अब पीडब्ल्यूडी के अधिकारी ओवरब्रिज की इस स्थिति से अवगत कराने के लिए सेतु निगम मुख्यालय को रिपोर्ट भेज रहा है।
सेतु निगम ने करीब दस साल पहले इस ओवरब्रिज को बनाया था। इस पर सीसी रोड बनी हुई है। घटिया निर्माण सामग्री लगाए जाने और तकनीकी खामी की वजह से ओवरब्रिज की सीसी रोड अभी से ही उखड़ने लगी है। कई जगहों पर गड्ढे हो जाने से अंदर सरिया का जाल तक दिखाई देने लगा था। पीडब्ल्यूडी ने गड्ढे भरने के लिए पिछले साल पैच वर्क भी कराया था लेकिन यह कुछ ही समय में उधड़ गए। इसके बाद कुछ माह पहले फिर से मरम्मत हुई लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ है। बारिश में फिर से गड्ढे होने शुरू हो गए हैं। कुछ दिन पहले ओवरब्रिज की एप्रोच रोड का एक हिस्सा भी धंस गया था। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि ओवरब्रिज में तकनीकी खामी होने से पैच नहीं रुक रहे है। आगे दिक्कत और ज्यादा बढ़ेगी ही। चीफ इंजीनियर राकेश राजवंशी ने बताया कि इस ओवरब्रिज का पूरा सर्वे कराने के बाद इसकी रिपोर्ट सेतु निगम मुख्यालय पर भेजी जा रही है।