बरेली। आयुष्मान कार्ड में छिटपुट खामियों के चलते जिले के 18 हजार लोगों के आवेदन मुख्यालय स्तर से लंबित हैं। ऐसे मामलों के समाधान के लिए अब कार्ड अनुमोदन, अस्वीकृति, निष्क्रिय से जुड़े मामलों का निस्तारण अब जिला स्तर पर संभव होगा।
आयुष्मान योजना के जिला कोऑर्डिनेटर डॉ. अनुराग अग्रवाल के मुताबिक, संबंधित कार्य के लिए स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) ने लॉगिन आईडी और जरूरी अधिकार दे दिए हैं। बताया कि अब तक लाभार्थियों को पिता का नाम, अपना नाम, पता, लिंग जैसी त्रुटियों को ठीक कराने के लिए इंतजार करना पड़ता था।
इसे लेकर लोग आए दिन कार्यालय के चक्कर भी लगाते थे। जिला स्तरीय सुविधा शुरू होने पर तत्काल कार्ड की खामियों को नियमानुसार दुरुस्त किया जाना संभव होगा। जिले के 18 हजार से ज्यादा लाभार्थियों के आवेदन लंबित हैं। इन्हें अब इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
इससे योजना का लाभ अधिक पारदर्शिता और सुगमता के साथ पात्र लोगों तक पहुंचेगा। प्रदेश स्तरीय स्वास्थ्य सेवा पर जनता का भरोसा बढ़ेगा।