बरेली। नगर निगम के आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों ने साप्ताहिक अवकाश न मिलने और ठेकेदारों पर उत्पीड़न का आरोप लगाकर मोर्चा खोल दिया है। स्थानीय निकाय सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में आक्रोशित सफाई कर्मचारी रविवार को कोतवाली पहुंचे और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए एक शिकायती पत्र सौंपा।
कर्मचारियों का आरोप है कि नगर निगम के विभिन्न वार्डों में तैनात ठेकेदारों द्वारा उनसे पूरे महीने साप्ताहिक अवकाश दिए बिना जबरन काम कराया जा रहा है। यदि कोई कर्मचारी अपने हक की छुट्टी मांगता है, तो उसे नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है।
संगठन के अध्यक्ष आशीष कुमार वाल्मीकि ने बताया कि रविवार सुबह भी कई कर्मचारियों को जबरदस्ती ड्यूटी पर बुलाने के लिए दबाव बनाया गया। विरोध करने पर ठेकेदारों ने फोन पर उनके साथ न सिर्फ अभद्र भाषा का प्रयोग किया बल्कि जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शोषण तुरंत बंद नहीं हुआ तो वे काम बंद कर बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।