रामनगर/गुलड़िया। रामनगर और मऊचंद्रपुर के बीच गांव रसूलपुर के पास मंगलवार शाम अनियंत्रण ट्रैक्टर पलटकर सामने आ रहे टेंपो से टकरा गया। हादसे में टेंपो सवार की मौत हो गई। कांवड़िये, उनके परिजन और टेंपो चालक समेत 24 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें अधिकतर किशोर और किशोरियां शामिल हैं। सूचना पर गई पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजा। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
कांवड़ियों ने बताया कि आंवला के गांव किटोना से जगतपाल के नेतृत्व में गांव के 50 लोग तीन अगस्त को गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार गए थे। उन्होंने गुलड़िया के गौरी शंकर मंदिर में मंगलवार को जलाभिषेक किया और शिव तेरस मेले में होकर शाम को गांव लौट रहे थे। कुछ कांवड़ियों के मुताबिक, वे लोग जिस ट्रैक्टर-ट्रॉली में थे, उसको जगतपाल चला रहे थे। उन्होंने मेले में ही शराब पी थी। ट्रैक्टर को ठीक से नहीं चला पा रहे थे। रामनगर और मऊचंद्रपुर के बीच गांव रसूलपुर के पास जगतपाल का ट्रैक्टर से नियंत्रण खो गया। अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया। सामने आ रहे टेंपो से भी टकरा गया। इससे टेंपो खाई में गिर गया। हादसे में टेंपो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। टेंपो चालक रवि कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार कांवड़ियों समेत 23 लोग घायल हो गए। सूचना पर गई पुलिस ने घायलों को राहगीरों की मदद से पीएचसी रामनगर भेजा। घायलों के परिजन भी सूचना मिलने पर पहुंचे। वहां हालत गंभीर होने पर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में अधिकतर किशोर और किशोरियां शामिल हैं। पुलिस ने सड़क से वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
ये हुए घायल - अजय वर्मा (15), मुनीश वर्मा (10), दिव्यांश (15), स्वाति (12), नवल वर्मा (2), अनूप (8), लोंगश्री (35), वीरेश (6), नन्ही (50), नितिन (14), सौरभ (8), राज यादव (20), सारिका (12), टिंकू (18), अखिलेश (15), राजेश्वरी (24), ऋषिपाल (30), छोटी (10), अनिल (15), जयप्रकाश (15), रूपेश (15), राजकुमार (20), तुलसी (15) व रवि (35)
वर्जन,
ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर कुछ लोग गुलड़िया गौरी शंकर मेले से लौट रहे थे। चालक शराब के नशे में था। वाहन से नियंत्रण खोने पर हादसा हो गया। सूचना पर गई पुलिस ने घायलों को पीएचसी भेजा। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। - हेमंत उपाध्याय, सीओ आंवला
रोड पर लहरा रहा था ट्रैक्टर, चीख रहे थे बच्चे
गौरी शंकर के मेले से लौटने के दौरान जगतपाल मनमाफिक ट्रैक्टर चला रहा था। उसमें सवार लोगों ने बताया कि जैसे ही मेले से निकला, वैसे ही ट्रैक्टर रोड पर लहराने लगा। चालक की हालत देख ट्रॉली में बैठे श्रद्धालु चीखने-चिल्लाने लगे। कई बच्चे तो रोने लगे थे, लेकिन शराब के नशे में जगतपाल पर कोई असर नहीं हुआ। रामनगर-आंवला रोड पर जगतपाल ने ट्रैक्टर की स्पीड दोगुनी कर दी थी, जिससे हादसा हुआ। रामनगर के बाशिंदों के मुताबिक, ट्रैक्टर से रामनगर में भी हादसा होते-होते बचा था लेकिन निकलते ही हादसा हो गया।