संपत्ति कर के बकायेदारों को राहत देने के लिए संचालित एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) की समय सीमा शासन ने एक महीने बढ़ा दी है। अब भवन स्वामी 14 दिसंबर तक योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकेंगे। वहीं, पहले से प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की अंतिम तिथि भी 15 दिसंबर से बढ़ाकर 15 जनवरी 2027 कर दी गई है। शासन के इस फैसले से बरेली नगर निगम समेत सभी नगरीय निकायों के करदाताओं को राहत मिलेगी।
बरेली नगर निगम में ओटीएस योजना को लेकर अब तक 19,057 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। 13 नवंबर की रात दस बजे तक कुल 16,253 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं। इन भवन स्वामियों को कुल 11.99 करोड़ रुपये की ब्याज व सरचार्ज में छूट का लाभ मिला है। हालांकि, नगर निगम की ओर से अब तक 41.85 करोड़ रुपये की कुल मांग के सापेक्ष केवल 5.27 करोड़ रुपये की वसूली हो सकी है। 2,695 आवेदन प्रक्रिया में थे।
नगर विकास विभाग ने बढ़ाई तारीख
शासन से जारी शासनादेश के तहत 15 अगस्त से 14 नवंबर तक ओटीएस लागू की थी। अब नगर विकास विभाग ने लोगों की आवश्यकता को देखते हुए आवेदन की अवधि 14 दिसंबर तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही प्राप्त आवेदनों के अंतिम निस्तारण के लिए 15 जनवरी 2027 तक का समय दिया गया है।