पूरनपुर (पीलीभीत)। अवैध खनन पर शिकंजा कसे जाने के बाद माफिया ने नया तरीका निकाल लिया। दुस्साहस करते हुए जंगल में जेसीबी मशीन ले जाकर मिट्टी खुदवा ली। कई दिन से यह काम चल रहा था, जिसका पता चलने पर टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर ने टीम को साथ लेकर छापा मार दिया। दो आरोपी मौके पर पकड़ लिए गए, जिन्हें बाद में जेल भेज दिया गया।
अभी तक टाइगर रिजर्व के जंगल में अवैध कटान के मामले ही प्रकाश में आते थे, लेकिन अब मिट्टी के अवैध खनन का मामले का भी खुलासा हुआ है। सबसे खास बात यह रही कि इस अवैध खनन की जानकारी टाइगर रिजर्व के डीडी को तो थी लेकिन तैनात रेंजर को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। डीडी को किसी मुखबिर ने हरीपुर रेंज की खिरकिया बरगदिया में अवैध तरीके से मिट्टी खनन होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही डीडी नवीन खंडेलवाल ने टीम के साथ बताए गए स्थान पर छापा मार दिया। मौके पर कुछ लोग जेसीबी की मदद से मिट्टी का खनन करते पाए गए। टीम ने मौके पर मिली जेसीबी को कब्जे में लेते हुए दो आरोपियों को भी धर दबोचा। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम रफीक पुत्र शरीफ निवासी शेरपुरकलां और अनुज पुत्र रामपाल निवासी सिरसा दहगला बताया। टीम के मुताबिक शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है। टाइगर रिजर्व प्रशासन ने पकड़े गए दोनों आरोपियों के वन अधिनियम के कार्रवाई करते हुए उन्हें भेजा है।
सूचना पर हरीपुर रेंज के खिरकिया बरगदिया क्षेत्र में अवैध तरीके से मिट्टी खनन की जानकारी मिली थी। इस पर छापा मारा गया। मौके पर जेसीबी से मिट्टी का खनन होता पाया गया। दो आरोपी भी पकड़े गए। जेसीबी को सीज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजा गया है। -नवीन खंडेलवाल, डिप्टी डायरेक्टर, टाइगर रिजर्व