पीलीभीत। मीटरगेज के समय सात ट्रैक वाले जंक्शन पर अब ब्रॉडगेज के 13 ट्रैक होंगे। काम पूरा होने के बाद चार ट्रैक जंक्शन को सौंप दिए गए हैं। नौ ट्रैक तैयार किए जा रहे हैं। काम पूरा होने के बाद छह ट्रैकों से ट्रेनों का संचालन होगा, जबकि बाकी यार्ड में रहेंगे। यानी छह प्लेटफॉर्म से ट्रेनें रवाना होंगी, जबकि पहले चार से ही जाती थीं।
जंक्शन से टनकपुर, मैलानी, शाहजहांपुर, भोजीपुरा की ओर ट्रेनों का संचालन होता है। इसके लिए मीटरगेज के दौरान जंक्शन पर सात ट्रैकों से ट्रेनों को चलाया जाता था। आमान परिवर्तन में जंक्शन का उच्चीकरण करते हुए रेल प्रशासन ने अब कुल 13 नए ट्रैक बिछाने का निर्णय लिया है। पहले प्लेटफॉर्म सिर्फ चार थे, लेकिन अब प्लेटफार्म की संख्या छह होगी। टनकपुर को मुख्य स्टेशन बनाने के बाद कारखाना वहां शिफ्ट कर दिया गया है। भोजीपुरा और टनकपुर के बीच ब्रॉडगेज की ट्रेनों को चलाने के दौरान कार्यदायी संस्था ने तीन ट्रैक पहले ही सौंप दिए थे। अब शाहजहांपुर रूट पर बीसलपुर तक ट्रेन चलाने की चल रही कवायद को लेकर ट्रैक नंबर चार को भी सौंप दिया गया हैं। इसके बाद प्लेटफॉर्म नंबर पांच और छह पर तेजी से काम चल रहा है।