पीलीभीत। 50 से अधिक सीरियल बम धमाकों में शामिल डॉ. जलीस उर्फ डॉ. बम के कानपुर से पकड़े जाने के बाद उसके नेटवर्क को लेकर इंडो नेपाल बॉर्डर से सटे तराई के इलाके में भी अलर्ट किया गया है। पुलिस एसएसबी के अलावा खुफिया विभाग की टीम भी अलर्ट हो गयी है। एसपी ने विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं।
सामने आया है कि आतंकी जलीस उर्फ डॉ. बम का नेटवर्क नेपाल से लेकर तराई के इलाकों में है। इनमें पीलीभीत के अलावा लखीमपुर और बहराइच जिले प्रमुख रूप से शामिल हैं। वह यहां भी नेटवर्क का इस्तेमाल कर सकता था। उसका गैंग यहां शरण ले सकता है। ऐसे में नेपाल के अधिकारियों संग हाल ही में हुई बैठक के दौरान भी बॉर्डर पर आतंकी गतिविधियों को लेकर अलर्ट किया गया था। इसके बाद चेकिंग बढ़ा दी गयी थी। डॉ. बम मुंबई, पुणे कानपुर, जयपुर आदि जगहों पर बम धमाकों का आरोपी है। एसपी अभिषेक दीक्षित ने बताया कि आतंकी गतिविधियों को लेकर अलर्ट है। सुरक्षा एजेंसियों को विशेष निगरानी को कहा गया है। हमारी टीम पूरी तरह एक्टिव है। नेपाल के अफसरों संग हुई बैठक में भी इस पर चर्चा हो चुकी है।
नेपाल से सटे यूपी के क्षेत्र अपराधियों के गढ़ माने जाते हैं। मादक पदार्थो की तस्करी से लेकर हत्या, लूट को अंजाम देने वाले गैंग छिपने के लिए यहीं ठिकाने बनाते हैं। पुलिस के पहुंचने पर अपराधी आसानी से सीमा पार कर जाते हैं। आतंकियों ने भी इसीलिए इन क्षेत्रों में अपने ठिकाने बना लिए हैं। एटीएस सभी ठिकानों का पता लगाने में जुटी है।