पीलीभीत। टाइगर रिजर्व के छठें पर्यटन सत्र के पहले दिन ही पिछले सारे रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। पर्यटन सत्र के पहले दिन 300 स्कूली बच्चों समेत 700 से ज्यादा पर्यटकों ने महोफ रेंज से चूका बीच जाकर प्रकृति और वन्यजीवों के दीदार किए। पहले दिन पर्यटकों और स्कूली बच्चों ने शारदा सागर डैम का नजारा लेकर हटों में मौजमस्ती की। वनकटी रोड स्थित टाइगर रिजर्व के मुख्यद्वार (सिग्नेचर गेेट) पर अपराह्न तीन बजे डीएम वैभव श्रीवास्तव ने झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया।
देश के सभी टाइगर रिजर्व के साथ पीलीभीत टाइगर रिजर्व शुक्रवार को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। महोफ रेंज के गेट नंबर एक पर टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर नवीन खंडेलवाल ने नारियल फोड़कर छठें पर्यटन सत्र की विधिवत प्रारंभ किया। टाइगर रिजर्व मुख्यालय से सभी पांच जीनॉन सफारी और 17 प्राइवेट जिप्सी से पर्यटकों को महोफ गेट ले जाया गया। उद्घाटन के बाद सभी वाहन पर्यटकों को लेकर चूका बीच पहुंचे। पर्यटकों के साथ टाइगर रिजर्व के डीडी नवीन खंडेलवाल भी थे। उन्होंने पर्यटकों से भी बातचीत की। पर्यटकों में स्थानीय के अलावा अलीगढ़ समेत आसपास जनपदों से भी पर्यटक चूका बीच आए थे। पर्यटकों ने हरे-भरे जंगल के बीच बने चूका बीच में प्रकृति को बेहद करीब से देखा। चूका बीच की खुली कैंटीन में स्नैक्स और खानपान की वस्तुएं खरीदीं।
पहले दिन चूका बीच के सफर को यादगार बनाने के लिए अफसरों की ओर से चूका बीच में सोबेनियर शॉप भी खोली गई। यहां पर्यटकों ने वाइल्ड लाइफ से जुड़ी टीशर्ट, कैंप और अन्य सामान की खरीदारी की। चूकाबीच और टाइगर रिजर्व में आवागमन के दौरान पर्यटकों को पहले दिन हिरन, जंगली सुअर, मोर समेत अन्य वन्यजीवों के दीदार हुए। हालांकि वापसी के दौरान अंधेरा होने की वजह से वन्यजीव देखने को नहीं मिल सके। टाइगर रिजर्व उद्घाटन के अवसर पर डीएम के अलावा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर एच राजामोहन, एसपी अभिषेक दीक्षित, एएसपी रोहित मिश्र, सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल समेत टाइगर रिजर्व के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।