गड़बड़ी पर आरएमओ समेत दो निलंबित
-गेहूं खरीद और सीएमआर घपले में हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। खाद्य आयुक्त ने राइस मिलों से साठगांठ करने वाले और गेहूं खरीद में लापरवाही बरतने वाले अफसरों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। गेहूं खरीद और सीएमआर घपले में जिला विपणन अधिकारी समेत दो को निलंबित कर दिया गया हैं। इस मामले में चार अन्य अफसरों पर भी गाज गिरने की संभवाना जताई जा रही है।
विभागीय मिलीभगत से राइस मिलर्स करोड़ों रुपयों का चावल दबाकर बैठ जाते हैं। इस सरकारी धन से वे निजी कारोबार करते रहते हैं। दबाव बनने पर धीरे-धीरे भुगतान करते हैं। इसका सीधा संबंध विपणन निरीक्षकों से होता है। पिछले साल सरकारी चावल तैयार कर कुछ मिलर्स ने अब तक रुपये जमा नहीं किये। पिछले दिनों विभाग ने बहेड़ी तहसील स्थित खुशबू राइस मिल को कुर्क भी किया था। इसके बाद भी हालात नहीं बदले। मामले की जानकारी खाद्य आयुक्त अजय चौहान तक पहुंच गई है।
उधर, शाहजहांपुर डिप्टी आरएमओ कौशल देव जिले की भंडारण क्षमता और गोदाम की जानकारी गलत देने पर निलंबित कर दिए गए हैं। देव ने विधानसभा विलंब समिति के समक्ष गलत आंकड़े प्रस्तुत किए। जिले में दस गोदाम खाद्यान्न भंडारण के हैं जबकि देव ने इनकी तादाद आठ बताई थी। इससे विलंब समिति अध्यक्ष ने तीखी नाराजगी जताई थी। इस पर प्रमुख सचिव खाद्य वीएम मीणा ने कार्रवाई को कहा था।
खाद्य आयुक्त ने बताया कि बरेली डिप्टी आरएमओ एसपी शर्मा और पीलीभीत के डिप्टी आरएमओ वाईके गुप्ता के मामले मिले हैं। इनका परीक्षण किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक शर्मा पर आरोप हैं कि उन्हाेंने बिसौली भूड़ स्थित एनके राइस मिल, रहमान राइस इंडस्ट्री रिछा और खुशबू राइस मिल बहेड़ी से सरकारी चावल वसूलने में लापरवाही बरती है। इन तीनों मिलों पर एक करोड़ से ज्यादा का चावल बकाया है। इन दोनों मामलों में मंडलायुक्त बरेली प्रभांशु यादव भी जांच करा रहे हैं। उधर, विभाग ने बिसौली के इंस्पेक्टर प्रद्युमभन शर्मा को निलंबित कर दिया है। विभाग ने रिछा के मेराज अहमद और बहेड़ी के एसएमआई दिग्विजय सिंह को आरोप पत्र थमा दिए हैं।
बॉक्स---
मंडल गेहूं खरीद बंद
मंडल भर में गेहूं खरीद योजना अवधि पूरी होते ही सभी क्रय केंद्र बंद कर दिए गए हैं। अब तक 3.77 लाख टन खरीद हो चुकी है। मंडल में लक्ष्य के विपरीत 81 प्रतिशत खरीद हुई है। एफसीआई ने लक्ष्य से ज्यादा खरीद कर रिकार्ड बनाया है। आखिर आढ़तियों के सहारे 81 प्रतिशत से ज्यादा गेहूं खरीद हो गयी है। बदायूं ने 112.53 प्रतिशत खरीद कर सबसे आगे रहा और पीलीभीत 62.36 प्रतिशत पर सिमट गया। बरेली में 81.09 और शाहजहांपुर में 79.94 प्रतिशत खरीद हुई है। इस तरह बरेली मंडल में 81 प्रतिशत से अधिक खरीद हुई है। एफसीआई ने अपने 13 केंद्रों पर लक्ष्य से ज्यादा 21 हजार टन खरीद कर कीर्तिमान बनाया है।
संभागीय विपणन अधिकारी राममूर्ति पांडेय ने बताया कि मंडल में 4.66 लाख टन गेहूं खरीदना था। इसके स्थान पर 3.77 लाख टन खरीद हुई है। इसमें आढ़तियों का सहयोग तीस प्रतिशत है। उन्होंने यह भी बताया कि 532 केंद्रों पर नौ एजेंसियों ने खरीद की है। इस योजना से 39,755 किसान लाभान्वित हुए हैं।