बरेली। नगर पंचायत के निलंबित चल रहे बाबू से करीब दो साल बाद भी सरकारी रिकार्ड नहीं लिए जा सके हैं। अधिशासी अधिकारी ने इस मामले की रिपोर्ट स्थानीय निकाय के निदेशालय को भेज दी है।
नगर पंचायत देवरनियां के बाबू ताजीम हैदर अप्रैल 2018 से निलंबित चल रहे हैं। अफसरों के आदेश के बावजूद उन्होंने सरकारी अभिलेख दूसरे बाबू को नहीं सौंपे थे। इसकी वजह से अलमारियों का ताला तोड़कर अभिलेख संबंधित बाबू को उपलब्ध कराए गए थे। इसके बावजूद 2015 से 2018 तक की अनेक पत्रावलियां, वेतन रजिस्टर, चेक रजिस्टर सहित तमाम रिकार्ड अभी भी गायब हैं। ईओ ने निदेशालय को अवगत कराया है कि पिछले साल जुलाई और सितंबर में इन अभिलेखों को उपलब्ध कराने में लेटर जारी किए गए थे लेकिन संबंधित बाबू ताजीम हैदर ने अब तक इन रिकार्डों को वापस नहीं किया है और उन्होंने अब तक अपना ही पक्ष ही रखा है। ईओ का कहना है कि अभिलेख उपलब्ध न होने से उच्च न्यायालय में जवाब दाखिल नहीं हो पा रहे हैं। इससे कोर्ट की अवमानन की आशंका भी बनी हुई है। इससे नगर पंचायत के कार्य भी बाधित हो रहे हैं। अभिलेख उपलब्ध कराने के लिए पांच दिसंबर को देवरनियां थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई जा चुकी है।