बरेली। दो दिन पहले स्वेटर वितरण की आखिरी तिथि गुजरने के बाद अब बेसिक शिक्षा विभाग हरकत में आया है। लेटलतीफी होने पर कार्रवाई के खौफ से अफसरों ने सबसे पहले शहरी क्षेत्र के स्कूलों में स्वेटर वितरण शुरू कराया है। वहीं, ब्लॉकवार बीआरसी पर स्वेटर की खेप भेजना शुरू कर दिया है। सोमवार को करीब सवा लाख स्वेटरों का वितरण किया गया।
सोमवार सुबह बच्चों के स्कूल पहुंचने से पहले ही स्वेटर स्कूल पहुंचा दिए गए थे। ठंड से ठिठुर कर स्कूल पहुंचे बच्चों को जब स्वेटर मिले तो वह खिल उठे। बताया जाता है कि सोमवार को विभिन्न ब्लॉकों के करीब सवा लाख बच्चे यानी करीब 40 फीसदी स्कूलों को स्वेटर वितरित किए जा चुके हैं। शेष 60 प्रतिशत स्वेटर वितरण के लिए ठेकेदार को जल्द से जल्द सप्लाई के निर्देश दिए गए हैं। प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश संगठन मंत्री हरीश बाबू शर्मा ने सभी स्कूलों के शिक्षकों को व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।